अमिताभ बच्चन और डैनी डेंजोंग्पा बॉलीवुड के दो ऐसे नाम हैं, जिन्होंने एक साथ बॉक्स ऑफिस पर कई हिट फिल्में दी हैं। दो साल पहले आई फिल्म 'ऊंचाई' में अमिताभ और डैनी एक साथ नजर आए थे। ये दोनों ही कलाकार पिछले 5 दशकों से फिल्मों में सक्रिय हैं। लेकिन, आपको ये जानकर हैरानी होगी कि शुरुआती दौर में डैनी अमिताभ के साथ काम नहीं करना चाहते थे। अमिताभ का नाम सुनते ही डैनी फिल्में ठुकरा दिया करते थे। साल 2018 में एक पुराने इंटरव्यू में डैनी ने यह खुलासा किया था कि अगर वह अमिताभ बच्चन के साथ 'एक ही फ्रेम' में होते तो उन्हें नोटिस नहीं किया जाता। डैनी और अमिताभ ने पहली बार अग्निपथ (1990) में एक साथ अभिनय किया। तब से उन्होंने हम (1991), खुदा गवाह (1992), कोहराम (1999), अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों (2004), और ऊंचाई (2022) जैसी कई फिल्मों में काम किया है। फिल्मफेयर को दिए एक इंटरव्यू में डैनी ने कहा था कि मैं अमित जी के साथ काम करने से खुद को रोकता रहा। मुझे लगा कि यह बहुत बड़ा अभिनेता हैं, जिसे बेहतरीन भूमिकाएं मिलती हैं। अगर मैं उनके साथ एक ही फ्रेम में होता तो कोई मुझे नोटिस नहीं करता। डैनी ने आगे भी कहा था कि अगर फिल्म हिट होती तो सारा श्रेय उन्हें जाता, लेकिन अगर यह फ्लॉप होती तो 'नए' आदमी को दोष दिया जाता। मैं मांजी (दिवंगत निर्देशक मनमोहन देसाई) को भी मना करता रहा, जिन्होंने मुझे 'मर्द' और 'कुली' सहित अमित जी के साथ चार फिल्में ऑफर की थी। ऐसा कहा जाता है कि डैनी अपने उसूल के बड़े पक्के थे, वो फिल्मों में सिर्फ अपने शर्तों पर ही काम किया करते थे। डैनी ने 1972 में आई बीआर ईशारा की फिल्म 'जरूरत' के साथ अपनी फिल्मी कैरिअर की शुरुआत की थी।
अमिताभ का नाम सुनते ही डैनी ने ठुकराई 'मर्द'-'कुली' जैसी कई फिल्में