पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता गुवाहाटी : असम नाट्य सम्मेलन का तेजपुर में आयोजित 62वां तेजपुर अधिवेशन आज सफलतापूर्वक समाप्त हो गया। इस अवसर पर आज जीएल पब्लिकेशंस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्वांचल प्रहरी के संस्थापक संपादक स्वर्गीय जीएल अग्रवाला के नाम पर अवार्ड  तेजपुर के अनुभवी तथा बुजुर्ग प्रकाश नियंत्रक तरुण नाथ को दिया गया। उल्लेखनीय है कि श्री नाथ ने जीएल अग्रवाला आर्टिस्ट अवार्ड को भारी संख्या में उपस्थित नाट्यकर्मियों और राज्यभर से आए कलाकारों के बीच ग्रहण किया। बताते चलें कि स्वर्गीय अग्रवाला बहुमुखी प्रतिभा संपन्न युग पुरुष  और स्वप्नद्रष्टा थे, जिन्होंने पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और उनकी मृत्यु के बाद भी असम के सभ्य समाज में उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता है। साथ ही राज्यवासी आज भी उनकी ओर से पत्रकारिता, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में  किए गए कार्यों के लिए याद करते हैं और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हैं। असम नाट्य सम्मेलन की ओर से उनके नाम पर अवार्ड शुरू करना उनके प्रति बड़ा सम्मान है।

दूसरी ओर इस अवार्ड को प्राप्त करने वाले तरुण नाथ ने इस अवार्ड को प्राप्त कर खुद को सौभाग्यशाली बताया। दूसरी ओर राज्य में थिएटर के क्षेत्र में अग्रणी दुलाल रॉय को नाट्य सम्मेलन पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा विशिष्ट नाटक समालोचक शोधकर्ता डॉ. पोना महंत को 'नाट्य प्रभाकर, सत्यप्रसाद बरुवा को नाटक समालोचक पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं, प्रख्यात थिएटर कलाकार ज्योति नारायण नाथ को महेंद्र बरठाकुर अवार्ड और प्रख्यात नाटककार, निर्देशक पंकजज्योति भूइयंा को भोला कटकी स्मारक विश्वरूपा पुरस्कार प्रदान किया गया। असम नाट्य सम्मेलन के अध्यक्ष कुमार दीपक दास की अध्यक्षता में आयोजित आम बैठक में असम नाट्य सम्मेलन की स्मारिका 'रंगमंचÓ का नाटक कलाकार दुलाल राय ने लोकार्पण किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नाट्य सम्मेलन के मूल व्यक्ति ही विष्णु राभा हैं। वह किसी अनुष्ठान-प्रतिष्ठान का प्रवक्ता नहीं रहे, लेकिन जनता के प्रवक्ता थे। इस अवसर पर नाटक से जुड़ी कई हस्तियों के साथ अन्य कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। आम बैठक में पुरस्कार प्राप्त विशिष्ट नाटक समालोचक तथा शोधकर्ता डॉ. पोना महंत ने पुरस्कार के लिए कृृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि 62 वर्षीय ऐतिहासिक नाट्य सम्मेलन के नाट्यकला पर एक स्वर्णीम इतिहास है। असम के समाज, संस्कृृति, साहित्य के लिए यह शुभ संकेत है। तेजपुर के विधायक पृथ्वीराज राभा ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में नाट्य सम्मेलन की सराहना की।

फिल्म अभिनेता तौफीक रहमान ने असम नाट्य सम्मेलन के 62वें अधिवेशन में शरीक होना खुद के लिए सौभाग्य बताया और खुशी का इजहार किया। उन्होंने संबोधन में कई संवादों को दोहराया। इस अवसर पर असम नाट्य सम्मेलन की ओर से विभिन्न मंडल के 9 प्रवीण कलाकारों को विशेष रूप से सम्मानित किया। कार्यक्रम में सांसद पल्लव लोचन दास और जीएल पब्लिेकेशंस के महाप्रबंधक पीके तालुकदार भी मौजूद थे।