पूर्वाचल प्रहरी जिला संवाददाता नगांव : कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने आज शाम आमबागान में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का नेतृत्व किया। आमबगान के एक होटल में बीजेपी समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को बीजेपी समर्थकों ने रोका। राहुल गांधी के विशाल काफिले के आगमन से ठीक पहले भाजपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन की तैयारी करते दिखे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद, गौरव गोगोई मुर्दाबाद, रकिबुल हुसैन मुर्दाबाद के नारे लगाए, वहीं कांग्रेसियों ने राहुल गांधी जिंदाबाद, बीजेपी मुर्दाबाद आदि नारे लगाए। आमबगान में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नोकझोंक और जुबानी जंग ने भयानक रूप ले लिया। बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और राहुल गांधी की यात्रा फिर से शुरू करने का मार्ग प्रशस्त कर दिया। राहुल गांधी की यात्रा फिर से शुरु होते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम और राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाए।
लाओखावा में राहुल गांधी को बीजेपी कार्यकर्ताओं के हंगामे का भी सामना करना पड़ा। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी मुर्दाबाद और जय श्री राम जैसे नारे लगाए। बीजेपी कार्यकर्ता उग्र थे और कांग्रेस कार्यकर्ता आगे आ गए। उन्होंने राहुल गांधी जिंदाबाद और गौरव गोगोई जिंदाबाद जैसे नारे लगाए। यहां तक कि बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट भी हो गई। इस हमले में एक दो लोगों गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। घायल को नगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। हमले में कांग्रेस का एक वाहन और एक अन्य पत्रकार का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पत्रकार की गाड़ी पर हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया आ रही है. लाओखावा को पार करने के बाद राहुल गांधी की रैली का तेरह माइल, शालपाड़ा, सिंगीमारी, बालिका, रूपी कॉलेज रोड और रूपही चारआली पहुंची। राहुल गांधी की यात्रा का स्वागत करने के लिए सैकड़ों स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए।