पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) ने बुधवार को एसीएस/एपीएस और संबद्ध सेवाओं के पद के लिए संयक्त प्रतियोगी परीक्षा (सीसीई)- 2022 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। संपूर्ण परिणाम एपीएससी की वेबसाइट WWW.apsc.nic.in पर उपलब्ध होंगे। एसीएस कैडर में गौरीपुर की रसिका इस्लाम ने पहला स्थान हासिल किया, बोरकुची, मिर्जा के दीक्षित दास ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि बापपुंग, डिगबोई के बिथोपी गोगोई ने तीसरा स्थान हासिल किया। एपीएस कैडर में होजाई के रोहित चौधरी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि खारुपेटिया की श्रेया अग्रवाल दूसरे स्थान पर रहीं और भारगीश कुमार  डेका तीसरे स्थान पर रहे। उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा में हिंदीभाषी समाज के प्रतियोगियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। एपीएस में श्रेया अग्रवाल के अलावा मनीष अग्रवाल ने 20वां स्थान प्राप्त किया। साथ लेवर अफिसर श्रेणी में शुभम अग्रवाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

इसके साथ ही ब्लाक डेवल्पमेंट अफिसर में रोहित कुमार यादव और  प्रियंका साहू ने सफलता अर्जित की।  इंस्पेक्टर ऑफ टैक्सेस में  कमल सिंह ने छठा स्थान प्राप्त किया है। इंस्पेक्टर ऑफ लेवर में  पीयूष गाड़ोदिया ने पहला स्थान हासिल किया। साथ ही इंस्पेक्टर ऑफ एक्साइज में दिलीप महतो ने भी सफलता अर्जित की। असम अकाउंट सर्विस में कमलेश गुप्ता, अर्चना कुमारी, जयकिशन तोषनीवाल, अभिषेक यादव, राहुल गुप्ता, आशीष ग्वाला, सूरज कुमार गुप्ता, परमानंद कुमार सिंह, रानी ढुलकसरिया और नंदकिशोर साह ने सफलता हासिल की। असम अर्बन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस में पूजा कुमारी ने सफलता अर्जित की।

गौरतलब है कि कुल 913 उम्मीदवारों में से एसीएस के लिए 86, एपीएस के लिए 65, असम वित्त सेवा के लिए 20, सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी (असम लेखा परीक्षा सेवा) के लिए 77, असम शहरी प्रशासनिक सेवा के लिए 103 और सहायक लेखा अधिकारियों के लिए 415 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई थी। उल्लेखनीय है कि आयोग ने 17 मार्च, 2024 को आयोजित होने वाली अगली सीसीई प्रारंभिक परीक्षा के लिए पहले ही विज्ञापन दिया जा चुका है। गौरतलब है कि एपीएससी के इतिहास में पूरी प्रक्रिया 9 महीने के रिकॉर्ड समय में पूरी की गई। प्रारंभिक परीक्षा में सबसे अधिक संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित हुए। नियुक्ति के लिए अनुशंसित उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक है और सबसे अधिक संख्या में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।