दुबई: लाल सागर से गुजरने वाले जहाजों पर यमन के हुती विद्रोहियों के हमलों के जवाब में इन विद्रोहियों पर अमरीका के नेतृत्व में हवाई हमले किए गए। इसने शुक्रवार को दुनिया का ध्यान यमन में वर्षों से जारी युद्ध पर एक बार फिर से आकृष्ट किया, जबकि गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ इजराइल के युद्ध से पश्चिम एशिया में तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। हुती विद्रोहियों की ओर से कहा गया कि इन हमलों में कम से कम पांच लोग मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। ईरान समर्थित विद्रोहियों के कब्जे वाले कई ठिकानों पर बमबारी के बीच, सऊदी अरब ने स्वयं को इन हमलों से दूर करने की कोशिश की क्योंकि वह ईरान के साथ सौहार्द बनाए रखना चाहता है और यमन युद्ध में संघर्ष विराम चाहता है। साथ ही सऊदी अरब इस युद्ध से अंतत: हटना चाहता है। इस हमले से हमास पर इजराइल के युद्ध को लेकर क्षेत्रीय संघर्ष भड़कने का भी खतरा है, जिसे अमरीका के बाइडन प्रशासन और उसके सहयोगी कई हफ्तों से शांत करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस बीच, अमरीकी नौसेना ने कुछ दिन पहले हिंद महासागर के सुदूर इलाके में एक जहाज पर हमले की बात स्वीकार की थी। यह एक ऐसा हमला था जो ईरान की इजराइल-हमास संघर्ष को लेकर व्यापक समुद्री अभियान के तहत जहाजों पर हमला करने की इच्छा का संकेत दे सकता है। तेहरान ने बृहस्पतिवार को एक और टैंकर को जब्त कर लिया जो इस्लामिक गणराज्य के परमाणु कार्यक्रम पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंधों के कारण अमरीका द्वारा तेल को जब्त करने से संबंधित एक संकट में पहले से शामिल था। यह स्पष्ट नहीं है कि अमरीकी हमलों से कितना नुकसान हुआ है, हालांकि हुती विद्रोहियों की ओर से कहा गया है कि एयरफील्ड सहित कम से कम पांच स्थलों पर हमला किया गया है। ब्रिटेन के अनुसार उसने इन हमलों के जरिये बानी में एक स्थल को निशाना बनाया जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर हुती ड्रोन उड़ाने के लिए कर रहे थे। साथ ही ब्रिटेन ने कहा कि उसने एब्स में उस एयरफील्ड को भी निशाना बनाया जिसका इस्तेमाल क्रूज़ मिसाइल दागने और ड्रोन उड़ाने के लिए किया गया था। हुती के विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी हुसैन अल-एजी ने अमरीका और ब्रिटेन के जहाज, पनडुब्बियों और युद्धक विमानों द्वारा बड़े पैमाने पर आक्रामण की पुष्टि की।