अहमदाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच मंगलवार को यहां द्विपक्षीय बैठक हुई और इस दौरान कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। यूएई के राष्ट्रपति वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन (वीजीजीएस) के 10वें संस्करण में मुख्य अतिथि हैं, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को गांधीनगर के महात्मा मंदिर सम्मेलन केंद्र में करेंगे। गुजरात के सूचना विभाग ने अपने आधिकारिक 'एक्स' खाते पर पोस्ट किया कि संबंधों को मजबूती देते हुए! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की उपस्थिति में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। मोदी ने अहमदाबाद हवाई अड्डे पर संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक का स्वागत किया और दोनों नेताओं ने शाम को एक रोड शो में भी भाग लिया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपराह्न करीब तीन बजे 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल ट्रेड शो' का उद्घाटन किया। वहीं रोड शो से पहले मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति का यहां सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर स्वागत किया।
कार में बैठे दोनों नेताओं ने सड़क के किनारे बड़ी संख्या में खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। हवाई अड्डे से शुरू होकर इंदिरा ब्रिज तक तीन किलोमीटर तक चला यह रोड शो करीब 15 मिनट का था। सड़क पर यूएई के राष्ट्रपति के स्वागत के लिए बैनर लगाए गए थे। वहीं दिन में प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा मंदिर, गांधीनगर में मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप जैसिंटो न्यूसी और तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता के साथ द्विपक्षीय बैठक की। उन्होंने कई शीर्ष वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ भी बैठक की। प्रधानमंत्री मोदी ने अपराह्न करीब तीन बजे 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल ट्रेड शो' का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में कुल 20 देश शिरकत कर रहे हैं। इसकी शुरुआत वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन से ठीक पहले हुई है। इस शिखर सम्मेलन का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न तीन बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ प्रदर्शनी में लगे कई स्टाल को देखा। उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी और अन्य अतिथियों का स्वागत करने के लिए स्थानीय कॉलेजों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
इसमें शोध क्षेत्र से जुड़े करीब 1,000 स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें कुल 13 हॉल हैं जो 'मेक इन गुजरात' और 'आत्मनिर्भर भारत' जैसे 13 अलग-अलग विषयों पर केंद्रित हैं। प्रदर्शनी में महिला सशक्तीकरण, एमएसएमई विकास, नई प्रौद्योगिकी, हरित और स्मार्ट बुनियादी ढांचे और टिकाऊ ऊर्जा पर खास ध्यान दिया गया है। प्रदर्शनी बुधवार और बृहस्पतिवार को कारोबारों के लिए खुला रहेगी, जबकि आम जनता के लिए यह उसके बाद दो दिन खुलेगी। इस प्रदर्शनी में ऑस्ट्रेलिया, तंजानिया, मोरक्को, मोजाम्बिक, दक्षिण कोरिया, थाइलैंड, एस्टोनिया, बांग्लादेश, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ब्रिटेन, जर्मनी, नॉर्वे, फिनलैंड, नीदरलैंड, रूस, रवांडा, जापान, इंडोनेशिया और वियतनाम अपने उद्योगों के बारे में जानकारी देंगे।