पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : कार्बी आंगलांग में चल रही विकास कहानी में एक नया अध्याय जोड़ते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कुल 168 करोड़ रुपए की लागत वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। सोमवार को जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया उनमें तारालांगसो में 3,000 सीटों की क्षमता वाला सर्टालिन ऑडिटोरियम, डिफू के कासा स्टेडियम में सरसिंग टेरोन लैंगकुंग हाबे बहुउद्देश्यीय खेल परिसर, तारालांगसो में बनाई गई काजिर रोंगहांगपी वीआईपी गेस्ट हाउस की विस्तारित शाखा, तारालांगसो में लैंगकुंग फांग मत्स्य पालन का सौंदर्यीकरण, तारालांगसो में रंगसीना सर्पो अहोंगजई स्थायी खुला स्थान, तारालांगसो में कुलेंग अबी मत्स्य पालन का सौंदर्यीकरण, तारालांगसो में बना कार्बी कैपिटल कॉम्प्लेक्स रोंगबोंग अर्तु, तारालांगसो में कार्बी पीपुल्स हॉल का भूनिर्माण और सौंदर्यीकरण, तारालांगसो में जिरलॉन्ग अरिसो की स्मृति में बनी चेलेंग अथेपेई, तारालांगसो में बनी सिंग मिर्जेंग वीआईपी गैलरी, डिफू के रोंगखेलन में बनाया गया नया बाजार परिसर, डिफू में डीएम रोड पर बनाया गया सॉन्ग बे अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और डिफू में बना ट्रक टर्मिनल शामिल हैंं।

डिफू में आयोजित सार्वजनिक समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि कार्बी समाज ने हमेशा एक समृद्ध सामाजिक-सांस्कृतिक परंपरा और आस्था की प्राचीन प्रणाली में दृढ़ विश्वास बनाए रखा है। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि कार्बी समुदाय का इतिहास 3000 ईसा पूर्व का है और कार्बी समाज कबीले और पूर्वजों पर आधारित पारंपरिक विश्वास प्रणाली हांघारी आस्था के अभ्यास के माध्यम से आगे बढ़ रहा है। यह कहते हुए कि किसी समाज के लिए अपनी जड़ों से जुड़ा रहना बेहद जरूरी है, मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि कोई भी समाज अपने पैतृक विश्वासों और प्रथाओं से नाता तोड़कर लंबे समय तक प्रगति नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह देखना कार्बी युवाओं का दायित्व है कि उनके समुदाय की पुश्तैनी आस्था समाज में अपनी प्रासंगिकता न खो दे। कार्बी समुदाय के राजा लोंगसिंग रोंगहांग, असम कैबिनेट के मंत्री जोगेन मोहन, कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी तुलीराम रोंगहांग, संसद सदस्य हरेन सिंग बे, असम विधान सभा के उपाध्यक्ष डॉ. नुमल मोमिन, विधान सभा के सदस्य रूपसिंह टेरोन, डोर्सिंग रोंगहांग, विद्या सिंग इंगलेंग सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।