पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : डिमा हसाओ स्वायत्त परिषद चुनाव में भाजपा छह परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में बिना प्रतिद्वंदिता के चुनाव जीत चुकी है। दूसरी ओर छह निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया है, जिसके परिणामस्वरूप इन निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। चुनाव को लेकर वास्तव में पहाड़ी जिले में क्या हो रहा है इसको लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। जो लोग भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, उनमें से अधिकांश के चुनाव अभियान पर प्रश्र चिन्ह लगे हुए हैं। क्या इसके पीछे सत्तारूढ़ दल की धमकी है या मिलीभगत अथवा वॉक-ओवर की राजनीति, यह एक रहस्य बना हुआ है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने डिमा हसाओ जिले में तीन दिवसीय प्रवास के बाद गुवाहाटी लौटने से पहले शुक्रवार को वाजाओ निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार किया।
मुख्यमंत्री ने भाजपा उम्मीदवार विश्वजीत दौलागापु के खिलाफ चुनाव लड़ रहे निर्दलीय उम्मीदवार पुनुष नुनिसा की ओर संकेत करके कहा था कि वह एक छोटा लड़का है तो उसे बैठ जाना चाहिए। चुनाव होने में अभी दो दिन बचे हैं। मैंने ग्राम प्रधानों से प्रत्याशी को समझा-बुझा कर बैठा देने को कहा है। यहां उल्लेखनीय है कि छह विपक्षी उम्मीदवार चुनाव प्रचार से भाग गए थे और सत्तारूढ़ दल के साथ गुप्त समझौते किए थे, उन्होंने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया और एक आनंद यात्रा के लिए बैंकॉक को रवाना हो गए। बैंकॉक में लंबा समय बिताने के बाद वे फिलहाल गोवा में व्यस्त हैं। हालांकि, हारांगाजाओ निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व उम्मीदवार पोपिन होजाई अपनी आनंद यात्रा से जल्द हाफलांग लौट आए हैं। फिलहाल वे अपनी हाल ही में खरीदी नई स्कॉर्पियो वाहन से इधर उधर घूम रहे हैं।माईबांग पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार तापस थाउचेन और गुंजुन निर्वाचन क्षेत्र से जयथांग लंगमैला ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवार मंजय लंगथासा और नजीत केम्पराई निर्विरोध चुने गए।
नामांकन पत्र वापस लेने के अंतिम दिन माईबांग पूर्व, वाजाओ, हरंगाजाओ औरं हामरी निर्वाचन क्षेत्रों से कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन वापस लेने के बाद माईबांग पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और पूर्व मुख्य कार्यकारी मोहित होजाई, वाजाओ निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विश्वजीत दौलागापु, हारांगाजाओ निर्वाचन क्षेत्र से अमेंदु होजाई और हामरी से भाजपा उम्मीदवार पार्टी प्रत्याशी मंजीत लंगथासा निर्विरोध चुने गए। जहां छह उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया वहीं विपक्षी खेमे के अन्य उम्मीदवारों के चुनाव अभियान की तैयारी रहस्य बन चुकी है, इनमें से कई उम्मीदवारों ने अपना चुनाव अभियान सीमित कर दिया है।