गुवाहाटी : डिमा हसाओ स्वायत्त परिषद के 13वें आम चुनाव में केवल दो दिन बचे हैं। सीएम डॉ. शर्मा पिछले तीन दिनों से डिमा हसाओ में पार्टी प्रत्याशियों के लिए मैराथन प्रचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकांश चुनावी रैलियों को हिंदी में संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने दैयुंगमुख, लैंगपिंग और कुछ अन्य क्षेत्रों में असमिया में चुनावी रैलियों को संबोधित किया, लेकिन अन्य परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में उन्होंने मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए लंबे समय तक हिंदी में प्रचार रैलियों को संबोधित किया। बुधवार को पहाड़ी जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री शुक्रवार शाम को गुवाहाटी लौट आए। इन तीन दिनों में मुख्यमंत्री ने 12 चुनावी रैलियों में हिस्सा लिया। 8 जनवरी में 22 परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होंगे लेकिन इससे पहले 6 निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुन चुकी है। सीएम डॉ. शर्मा शुक्रवार को तीसरे दिन भी भाजपा प्रत्याशियों की ओर से एक के बाद एक चुनावी रैलियों में शामिल हुए। उन्होंने शुक्रवार सुबह हाफलोंग शहर में मल्हॉय झुग्गी का दौरा किया और एक रैली में भाग लिया।
मल्हॉय बस्ती में अचानक रैली का कारण यह है कि पिछले 10 वर्षों से हाफलोंग निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के उम्मीदवारों की हार हो रही है। मल्होय क्षेत्र में मार जनजाति के करीब चार हजार वोट हैं। मल्हॉय में इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट का बेस भी है। इसलिए, मुख्यमंत्री ने वहां जाकर लोगों से इस बार भाजपा उम्मीदवार डैनपाइनन थाउसेन को वोट देने का आग्रह किया और उन्हें मल्हॉय क्षेत्र की सभी समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने दीगर, वाजाओ, सेमखर और लांगटिंग में चुनावी रैलियों में भाग लिया और वादे किए। मुख्यमंत्री ने वाजाओ निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विश्वजीत दौलगपुर की ओर से प्रचार करते हुए दीगर से उमरांग्सू तक 176 किलोमीटर सड़क और सेमखर-गुंजुंग-माईबांग सड़क बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि वह स्टेडियम के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपए और सड़कों के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपए देंगे।
उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को चुनौती देने वाले पुनुष नुनिसा की ओर संकेत करते हुए कहा कि वह एक युवा लड़का है। वह वैसे भी हार ही जाएगा। इसलिए उसे बैठ जाना चाहिए। अभी दो दिन बाकी है। मैंने ग्राम प्रधानों से उम्मीदवार को समझाने के लिए कहा है। यदि स्वतंत्र उम्मीदवार जीतता है, तो वह हाफलोंग में घूमता फिरेगा, जनता का कुछ काम नहीं कर सकेगा। शिकायतें हैं कि स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में पुनुष नुनिसा को मुख्य कार्यकारी सदस्य देवालाल गरलोचा ने चुनाव लडऩे के लिए खड़ा किया है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम सब भाजपाई हैं। देवलाल, नंदिता पीयूष हम सब भाजपाई हैं। निर्दलीय लोग भाजपाई नहीं है। इसलिए कमल के मतपत्र पर वोट दें। मुख्यमंत्री ने अपनी सभी चुनावी रैलियों में अरुणोदय जैसे कई वादे किए, जिनमें राशन कार्ड लाभार्थियों की संख्या में वृद्धि, लड़कियों के लिए स्कूटी, कॉलेज के छात्रों के लिए प्रति वर्ष 10,000 रुपए की छात्रवृत्ति और हर निर्वाचन क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए धन शामिल है। जब पत्रकारों ने सीएम से ड्राइवरों की हड़ताल के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वे गुवाहाटी में जवाब देंगे।