नई दिल्ली : अयोध्या में जैसे-जैसे भगवान राम के मंदिर के उद्घाटन की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे तैयारियां उसी रफ्तार से आगे बढ़ रही हैं। देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों में इन तैयारी को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इस कड़ी में पीओके में बहने वाली नदियों का जल भी भगवान राम के जलाभिषेक के लिए अयोध्या भेजा जा चुका है। कश्मीर के सेव पीओके शारदा समित ने वहां की नदियों का जल एकत्रित किया है। समिति के अध्यक्ष रविंद्र पंडित कहते हैं कि अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के जश्न पर पूरा देश ही नहीं, बल्कि पीओके समेत पाकिस्तान के हिंदुओं में भी खूब उल्लास बना हुआ है। यही वजह है कि पीओके की सिविल सोसाइटी ने राम मंदिर के शिलान्यास में भी वहां की मिट्टी भेजी थी।

शारदा समिति के अध्यक्ष रविंद्र पंडित कहते हैं कि प्रभु राम के जलाभिषेक के लिए शारदा पीठ के संगम की नदियों का जल अयोध्या भेजा जा चुका है। शारदा पीठ पीओके में स्थित है और वहां की सिंधु, रावी और तवी समेत कई नदियों का जल भगवान राम के जलाभिषेक के लिए मंगवाया गया है। वह कहते हैं कि साढ़े पांच सौ साल से ज्यादा के इंतजार के बाद जब प्रभु राम का स्वागत हो रहा है, तो कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में स्वागत और जश्न मनाया जा रहा है। ऐसे में कश्मीरी पंडितों के महत्वपूर्ण शारदा पीठ इसमें कैसे पीछे रह सकती है।

वह कहते हैं कि सेव शारदा पीठ ने सिर्फ जल ही नहीं, बल्कि पीओके की मिट्टी को भी शिलान्यास के दौरान भिजवाया था। पीठ के अध्यक्ष रविंद्र पंडित का मानना है कि जितनी भव्य तैयारियां अयोध्या में प्रभु श्रीराम के लिए हो रही हैं, उतना ही उत्साह पीओके की सिविल सोसाइटी में भी है। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के हिंदुओं में भी अयोध्या में चल रही भव्य तैयारियों को लेकर खूब उत्साह बना हुआ है।