गुवाहाटी : नई दिल्ली के गैरीसन परेड ग्राउंड में 30 दिसंबर को 2024 के गणतंत्र दिवस परेड के लिए रिहर्सल की आधिकारिक शुरुआत हुई। इसके लिए 29 दिसंबर कों पूर्वोत्तर के सात राज्यों के जूनियर और सीनियर डिवीजनों के कुल 171 कैडेट गुवाहाटी से ट्रेन द्वारा नई दिल्ली पहुंचे। गुवाहाटी और कोहिमा से एनसीसी की कुल 45 गर्ल्स कैडेट गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार ब्रास बैंड में पूर्वोत्तर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेगी।

उनमें से 20 लड़कियां गुवाहाटी के पत्थरकुवेरी स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल की छात्रा और गुवाहाटी समूह की पहली एनसीसी बटालियन के जूनियर विंग के तहत एनसीसी के गर्ल्स कैडेट हैं। शेष 25 लड़कियां कोहिमा स्थित सेंट मैरी कैथेड्रल हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा और पहली नागालैंड गर्ल्स एनसीसी बटालियन के गर्ल्स कैडेट हैं। गौरतलब है कि 13 से 15 वर्ष की आयु की 45 गर्ल्स कैडेट पहली बार नई दिल्ली में ब्रास बैंड में पूर्वोत्तर क्षेत्रीय निदेशालय का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

कैडेटों ने दिन के दौरान नई दिल्ली के गैरीसन परेड ग्राउंड में परेड में और शाम को अपने-अपने राज्यों और पूर्वोत्तर के राज्यों के नृत्य और देशभक्ति कार्यक्रम के रिहर्सल में भाग ले रहे हैं।