गुवाहाटी : गुवाहाटी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जमीन घोटाले के सिलसिले में नई जानकारी उजागर की है। इस बार जमीन घोटाले के मामले में शहर पुलिस ने शनिवार को दो बिल्डरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बिल्डर गुवाहाटी में बालाजी कंस्ट्रक्शन के निदेशक अजय शर्मा और पंकज विश्वास हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जमीन दलाल देवजीत नाथ ने गुवाहाटी महानगर के छह माइल इलाके के दारंदा में जमीन का टुकड़ा फर्जी तरीके से रजिस्ट्रेशन कराकर बड़ी रकम के बदले में 2022 में बालाजी कंस्ट्रक्शन के निदेशक अजय शर्मा और पंकज विश्वास को बेच दी थी।

इस संदर्भ में पीड़ित जमीन मालिक ने दिसपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को शुरुआती जांच में जानकारी मिली कि जमीन दलाल देवजीत नाथ ने फर्जी तरीके से रजिस्ट्रेशन कराकर बड़ी रकम के बदले जमीन दो बिल्डरों को बेच दी थी। यह जानकारी मिलने के बाद दिसपुर पुलिस ने शुक्रवार को जमीन दलाल देवजीत नाथ को गिरफ्तार कर लिया।

देवजीत नाथ के कबूलनामें के आधार पर पुलिस ने शनिवार को दो बिल्डरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार दोनों बिल्डर भी जमीन घोटाले में शामिल हैं। दोनों बिल्डर फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।