पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : पूरे देश सहित राज्य भर में चल रहा विकसित भारत संकल्प यात्रा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा शुक्रवार को  शोणितपुर जिले के तेजपुर के उषापुर गांव पंचायत के गाभरु विकास प्रखंड में आयोजित समारोह में शामिल हुए। यहां उल्लेखनीय है कि सभी लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने और जो लोग अभी भी सरकारी योजनाओं से वंचित हैं उन्हें योजनाओं के दायरे में लाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल 15 नवंबर को विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता और चेतना बढ़ाने पर जोर दिया ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास भारत संकल्प यात्रा के तहत अगले साल 25 जनवरी तक देश भर में 2,60,000 गांव पंचायतों और 4,000 से अधिक नगर निकायों को कवर करने का लक्ष्य है। केवल एक महीने में, यह यात्रा देश की 68,000 गांव पंचायतों में ढाई करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुकी है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को अब तक प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि से 6,200 करोड़ रुपए मिले हैं, लेकिन असम में केवल आधे किसानों को ही धनराशि वितरित की गई है। इसके विपरीत, उत्तर प्रदेश में दो करोड़ किसानों को कृषक सम्मान निधि धनराशि प्राप्त हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, योजनाओं के बारे में  जागरूकता और बढ़ाई जानी चाहिए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे। मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न स्तरों पर लोगों के लाभ के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा लागू किया गया प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं और उन योजनाओं से कैसे लाभ उठाया जाए इसका भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं को सुविधाजनक बनाने के लिए विकास भारत संकल्प यात्रा जैसी अभिनव पहल करने के लिए असम के लोगों की ओर से प्रधान मंत्री मोदी को धन्यवाद दिया और उनकी सराहना की।