जोरहाट : पूर्वांचल प्रहरी की ओर से गट्टाणी प्लाई के सौजन्य से छठी बार आयोजित आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप कॉन्टेस्ट-2023 के विजेताओं को आज पुरस्कृत किया गया। नगर के श्रीमारवाड़ी ठाकुरबाड़ी स्थित सत्संग हॉल में ठाकुरबाड़ी प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विमल बजाज की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में पूर्वांचल प्रहरी के कार्यकारी संपादक वशिष्ठ नारायण पाण्डेय, वरिष्ठ समाजसेवी गणपतलाल राठी, छह नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद अशोक मालपानी मंच पर उपस्थित थे। इस मौके पर शहर के गणमान्य लोगों की उपस्थित तथा विजेताओं की मौजूदगी में पहले, दूसरे, तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान के साथ दस सांत्वना पुरस्कार पानेवाले विजेताओं का चयन ड्रॉ के जरिए किया गया।
मेगा ड्रॉ के विजेताओं के बीच आयोजित ड्रॉ में गोलाघाट के बपन चक्रवर्ती को पहला, गुवाहाटी की ममता राय को दूसरा, गुवाहाटी की शालिनी हंसारिया को तीसरा, नॉर्थ लखीमपुर के मनोज कुमार भारद्वाज को चौथा व जोरहाट के अभिषेक सोमानी को पांचवा स्थान मिला, जबकि सांत्वना पुरस्कार पानेवालों में अलीशा मिनोचा (गुवाहाटी), रितेश तोदी (नगांव), हर्ष राज प्रसाद (तिनसुकिया), गौरव सोनी (जोरहाट), नीरज कांकानी (जोरहाट), वी.के.सिंह (गुवाहाटी), छवि धीरासरिया (बरपेटा रोड), आकाश राणा (तेजपुर), राहुल कुमार (तेजपुर) व राधेश्याम कोठारी (जोरहाट) शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्वांचल प्रहरी द्वारा गट्टाणी प्लाई के सौजन्य से आयोजित आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप कॉन्टेस्ट 2023 के प्रथम पुरस्कार के रूप में विजेता को 55 इंच की एक एलईडी टीवी प्रदान की गई।
दूसरे पुरस्कार के रूप में एक लैपटॉप, तीसरा पुरस्कार रेफ्रीजरेटर, चौथा वाशिंग मशीन तथा पांचवें पुरस्कार के रूप में सैमसंग का 5जी फोन प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान अपने संबोधन में पूर्वांचल प्रहरी के कार्यकारी संपादक वशिष्ठ नारायण पाण्डेय ने इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए गट्टाणी प्लाई का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से जहां खेलों के प्रति लोगों की रुचि व जिज्ञासा को बढ़ने का मौका मिलता है। वहीं युवाओं का रूझान हिंदी समाचार पत्र के प्रति बढ़ता है। वहीं अशोक मालपानी ने अपने संबोधन में पूर्वांचल प्रहरी व गट्टाणी प्लाई के इस कदम की मुक्त कंठों से सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 17 वर्षों में पूर्वांचल प्रहरी और गट्टाणी प्लाई के संयुक्त प्रयास से हो रही इस प्रतियोगिता ने एक अलग रूप ले लिया है और लोगों की इसके प्रति रूचि भी बढ़ रही है।