पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : पूरे देश को हिला देने वाली संसद में हुए धुएं के बम की घटना ने असम को भी दहला दिया है। बदमाश नई दिल्ली की तरह असम विधानसभा या जनता भवन में अवांछनीय स्थितियां उत्पन्न न कर सकें इसलिए पुलिस ने इस हाई सिक्योरिटी जोन में सुरक्षा बढ़ा दी है। तलाशी कड़ी कर दी गई है। पुलिस हर वाहन की गहन तलाशी ले रही है ताकि कोई अवांछित व्यक्ति की पहुंच जनता भवन, विधायक आवास, मंत्री कॉलोनी या विधानसभा परिसर तक न हो पाए।
संसद की घटना के बाद आम आगंतुकों के लिए नियम सख्त कर दिए गए हैं। गौरतलब है कि असम विधानसभा परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों के पास को लेकर पहले से ही कई अवांछित घटनाएं हो चुकी हैं। पूर्व में विधायकों की अनुशंसा पर प्राप्त कार पास या प्रवेश पत्र के दुरुपयोग के कई उदाहरण हैं। हाल ही में नई दिल्ली में संसद भवन में उपद्रवियों के घुसने और धुआं बम फेंकने की घटना ने उच्च सुरक्षा गार्ड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसलिए जिन इलाकों में वीआईपी और वीवीआईपी की मौजूदगी है, वहां की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है और इन जगहों पर तलाशी व्यवस्था पहले की तुलना में कड़ी कर दी गई है।