पूर्वांचल प्रहरी ब्यूरो जोरहाट : पिछले कुछ दिनों से ऊपरी असम में बढ़ रही आतंकी गतिविधियों के बीच इस बार संदिग्ध उग्रवादी संगठन अल्फा ने जोरहाट को अपना निशाना बनाया। जोरहाट में आज शाम लगभग 7.30 बजे हुए जोरदार धमाके की आवाज से शहर का लिचुबाड़ी इलाका दहल उठा। जानकारी के अनुसार लिचुबाड़ी स्थित आर्मी कैंप 41 सब एरिया के कैंप में हुए इस विस्फोट के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। हालांकि विस्फोट में किसी तरह की हताहत की खबर अब तक सामने नहीं आई है। इधर घटना की खबर मिलते ही जिला आयुक्त पुलक महंत, जिला पुलिस अधीक्षक मोहनलाल मीणा के साथ सेना के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। विस्फोट के बाद 41 सब एरिया के मुख्य द्वार को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया।

किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। सूत्रों के अनुसार विस्फोट के बाद जिला प्रशासन तथा आर्मी के सीनियर अधिकारियों ने औचक सभा बुलाई। समाचार लिखे जाने तक सेना और प्रशासनिक अधिकारियों को उक्त सभा जारी थी। इस बीच विस्फोट की खबर प्रकाश में आने के बाद जोरहाट शहर में पुलिस का तलाशी अभियान और तेज हो गया। इधर अल्फा (आई) ने मेल के जरिए घटना की जिम्मेवारी है। मालूम हो कि गत माह 22 नवंबर को काकोपथार के दिरक में स्थित कपाहतुली आर्मी कैंप के समीप अल्फा (आई) ने एक विस्फोट की घटना को अंजाम दिया था। वहीं गत चार दिसंबर को भी उक्त आर्मी कैंप के पास से एक ग्रेनेड बरामद किया गया था।