नई दिल्ली : मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़- तीनों ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की है। लेकिन तीनों जगह मुख्यमंत्री कौन बनेगा यह अभी फाइनल नहीं हुआ है। इस सवाल को लेकर अटकलबाजियों का दौर जारी है। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उस दिन का ऐलान कर दिया है जिस दिन सीएम पद को लेकर सस्पेंस खत्म हो जाएगा। साथ ही उन्होंने नए चेहरे वाले सवाल का भी जवाब दिया है। भाजपा के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय से पत्रकारों ने पूछा कि तीनों राज्यों में सीएम पद को लेकर सस्पेंस कब तक चलता रहेगा? विजयवर्गीय ने कहा कि यह सस्पेंस रविवार को खत्म हो जाएगा। पत्रकारों ने फिर पूछा कि क्या कोई पुराना नेता सीएम बनेगा या किसी नए चेहरे को मौका दिया जा सकता है?

विजयवर्गीय ने कहा कि यह मैं कह रहा हूं न... इसका जवाब आपको दस तारीख (रविवार) को मिल जाएगा। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मध्य प्रदेश में भाजपा की शानदार जीत के पीछे लाडली बहना योजना की अहम भूमिका है। हालांकि पत्रकारों ने जब इस बारे में कैलाश विजयवर्गीय से पूछा तब उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व सबसे भारी है। क्या लाडली बहना योजना छत्तीसगढ़ में थी क्या? क्या लाडली बहना राजस्थान में थी क्या? छत्तीसगढ़ की जीत तो बहुत बड़ी जीत है। इसलिए सिर्फ और सिर्फ मोदी जी का नेतृत्व, अमित शाह जी की रणनीति और जेपी नड्डा जी की जो पोलिंग बूथ और पन्ना प्रमुख की योजना थी जो कारगर हुई है, इनके कारण तीनों राज्यों में भाजपा की जीत हुई है।

दरअसल, भाजपा ने यह चुनाव बगैर किसी सीएम फेस के लड़ा था। तीन राज्य में भगवा दल ने शानदार जीत दर्ज की है। सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार शाम को पीएम मोदी के आवास पर इन राज्यों के सीएम पद के प्रबल दावेदारों को लेकर विचार किया गया था। आज यानी गुरुवार को भी पार्टी नेतृत्व ने इस पर बैठक की है। यह माना जा रहा है कि आज तीनों ही राज्यों के सीएम का नाम फाइनल हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नए चेहरों को सीएम बना सकती है।