जयपुर : पुलिस ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जांच के लिए बुधवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की। इस हत्याकांड के विरोध में राज्य में कई जगह प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों राजमार्ग ‘जाम’ कर दिया और ट्रेन भी रोकीं। हालांकि, कहीं से हिंसा की कोई खबर नहीं है। पुलिस के अनुसार हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हमलावरों की सूचना देने वाले को पांच-पांच लाख रुपए के इनाम की घोषणा भी की गई है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने इस हत्याकांड के बाद राज्य के हालात को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। इससे पहले राज्यपाल मिश्र ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। राजपूत समाज के लोगों ने जयपुर सहित कई शहरों में प्रदर्शन किया।

गोगामेड़ी समर्थकों ने हत्या के विरोध में जयपुर बंद की घोषणा की। इस वजह से सभी बाजार बंद रहे और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम रही। राजधानी जयपुर में कई स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उमेश मिश्रा ने गोगामेड़ी हत्याकांड की सघन जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी-अपराध) दिनेश एमएन की निगरानी में एसआईटी गठित कर दी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार डीजीपी ने बताया कि गोगामेड़ी हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और तलाशी के लिए अभियान भी चलाया है। जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया कि गोगामेड़ी और नवीन सिंह शेखावत की राजपूत नेता के घर पर मंगलवार को गोली मारकर हत्या करने वाले दो हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है।

जयपुर में प्रदर्शनकारियों ने जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के 200 फुट बाईपास मार्ग पर और जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के कई स्थानों पर जाम लगाया। राजस्थान में बंद और जाम को देखते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) ने कई बसों का संचालन बंद रखा। रोडवेज के प्रवक्ता के अनुसार, आगरा रोड, जयपुर से केकड़ी, धौलपुर में बाड़ी से बसेड़ी, भादरा से राजगढ़, किशनगढ़, हिंडौली, उदयपुर, नोहर से भादरा, चित्तोडगढ़, बाडमेर से जोधपुर, ब्यावर से जयपुर-जोधपुर, झुंझुनूं से उदयपुरवाटी, पाली से जोधपुर, कुचामन, नसीराबाद से कोटा रूट, राजाखेड़ा से आगरा, भरतपुर धौलपुर मार्ग पर बसों का संचालन बंद रखा गया।