साल 2024 आने वाला है। नया साल अपने साथ नई-नई चीजें लेकर आता है। खगोलीय घटनाओं के लिए भी यह साल अनोखा होगा। चंद्र और सूर्य ग्रहण इस दौरान देखने को मिलने वाला है। इन्हें देखने के लिए दुनिया भर के स्टारगेजर इंतजार कर रहे हैं। आने वाले साल में दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण हैं। साल 2024 में एक पूर्ण सूर्य ग्रहण भी है, जिसे देखने के लिए लंबा इंतजार किया जाता है। यह घटनाएं देखने में खूबसूरत होने के साथ ही चंद्र और सूर्य की स्टडी का मौका देती हैं। साल 2024 में सबसे पहला ग्रहण चंद्र ग्रहण होगा। 24-25 मार्च को उपछाया चंद्रग्रहण लगेगा। इस दौरान चंद्रमा केवल पृथ्वी की छाया के बाहरी किनारों से होकर गुजरता है। इस दौरान ग्रहण काफी कमजोर होगा, जिस कारण इसे पूर्ण या आंशिक ग्रहण की तुलना में नग्न आंखों से देखना कठिन हो जाता है। चंद्रमा गहरी छाया में प्रवेश नहीं करता। यूरोप, उत्तर-पूर्व एशिया, ऑस्ट्रेलिया के बड़े हिस्से, अफ्रीका के कुछ हिस्से उत्तर और दक्षिण अमरीका में दिखाई देगा। इसके अतिरिक्त प्रशांत महासागर, अटलांटिक, आर्कटिक और अंटार्कटिका में भी दिखेगा। भारतीय समय के मुताबिक यह सुबह 10.23 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इस कारण यह भारत में नहीं दिखेगा।

पहला सूर्य ग्रहण : इसके बाद 8 अप्रैल को सूर्य ग्रहण होगा, जिसका सबसे ज्यादा इंतजार किया जाता है। सूर्य ग्रहण उत्तरी अमरीका और दक्षिणी अमरीका में ही दिखाई देगा। नासा के मुताबिक अगर मौसम साफ रहा तो सबसे पहले उत्तरी अमरीका में मैक्सिको के प्रशांत तट पर हमें यह सुबह 11.07 बजे दिखाई देगा। भारतीय समय के मुताबिक यह 9.12 PM से शुरू होकर 9 अप्रैल 2.22 AM तक चलेगा। यह ग्रहण भी भारत में नहीं दिखेगा। एक पूर्ण सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा सूर्य की रोशनी को धरती पर आने से रोक दे।

साल का दूसरा चंद्र ग्रहण : साल का दूसरा ग्रहण एक आंशिक चंद्र ग्रहण होगा जो 18-19 सितंबर को लगेगा। यह भी भारत में नहीं दिखेगा। यूरोप, एशिया, अफ्रीका, उत्तरी अमरीका, दक्षिणी अमरीका, प्रशांत, अटलांटिक, हिंद महासागर, आर्कटिक और अंटार्कटिका में भी यह दिखेगा। इस ग्रहण के दौरान चंद्रमा का एक छोटा हिस्सा ही गहरी छाया में प्रवेश करेगा। भारतीय समय के मुताबिक 6.11AM से शुरू होकर यह 10.17 AM तक चलेगा।

साल का आखिरी सूर्य ग्रहण : साल का आखिरी सूर्य ग्रहण एक वलयाकार ग्रहण होगा। यह तब होता है जब पृथ्वी और सूर्य के बीच चंद्रमा हो, लेकिन इसकी दूरी धरती से दूर हो। धरती से दूर होने के कारण चंद्रमा छोटा दिखता है। इस कारण यह इतना बड़ा नहीं होता कि पूरे सूर्य की किरणों को रोक ले। इस वजह इसके चारों ओर एक रिंग जैसी आकृति दिखाई देती है। साल 2024 में वलयाकार सूर्य ग्रहण आखिरी ग्रहण होगा जो 2 अक्टूबर को लगेगा। इस सूर्य ग्रहण का ज्यादातर पथ प्रशांत में होगा। दक्षिण अफ्र्रीका के चिली और अर्जेंटीना में यह एकदम साफ दिखेगा। टाइम एंड डेट डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय समय के मुताबिक यह 9.12 PM से शुरू होकर 3 अक्टूबर 03.17 AM तक चलेगा।