पूर्वांचल प्रहरी क्राइम रिपोर्टर गुवाहाटी : तिनसुकिया जिले के लिडू तथा बरगोलाई स्थित तीन सबसे बड़े कोयला माफियाओं के आवास और प्रतिष्ठानों पर बीते कल यानी शुक्रवार को आयकर विभाग ने अपना अभियान चलाया। इसके बाद आज गुवाहाटी में भी आयकर विभाग ने अपना अभियान चलाया। मिली जानकारी के अनुसार गत कल शुक्रवार को नई दिल्ली से आए आयकर विभाग की एक टीम ने कोयला माफिया गोविंद छेत्री, वी गणेश और सुनील गुरुंग के आवास के साथ ही उनके तमाम व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर भी अभियान चलाया था। इस छापेमारी के दौरान जब्त कई आवश्यक दस्तावेज व सबूतों के आधार पर आज शनिवार को गुवाहाटी में भी आयकर विभाग की एक विशाल टीम ने कथित कोयला व्यापारियों धरमवीर बंसल उर्फ धर्मो, सुनील बंसल , सी. मित्तल और राम प्रसाद गोयल सहित कई अन्य के आवास के साथ ही सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में अपना अभियान चलाया।
इस छापेमारी के दौरान विभाग ने कोयला सिंडिकेट से जुड़े कई आवश्यक दस्तावेज जब्त किए हैं। बताया जा रहा कि इस प्रकार के कोयला माफिया के कारण राज्य सरकार को करोड़ों का नुकसान हो रहा है, जिसके तहत आयकर विभाग ने कोयला माफिया के खिलाफ एक व्यापक छापेमारी व तलाशी अभियान शुरू किया। इस अभियान के तहत ऊपरी असम के तिनसुकिया जिले के लिडू तथा बरगोलाई के कोयला माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने के बाद आज गुवाहाटी में भी इसका प्रभाव देखने को मिला, वहीं राज्य सरकार की मानें तो इस प्रकार के कोयला सिंडिकेट के कारण करोड़ों के राजस्व का नुकसान हो रहा है।