एजल : मिजोरम में 3 दिसंबर की जगह 4 दिसंबर को मतगणना होगी। चुनाव आयोग ने यह जानकारी दी है। राज्य की 40 सीटों पर 7 नवंबर को वोटिंग हुई थी, काउंटिंग 3 दिसंबर यानी रविवार को होनी थी। आयोग ने बताया कि मतगणना की तारीख को तीन दिसंबर (रविवार) से संशोधित करके 4 दिसंबर (सोमवार) कर दिया गया है। आयोग ने यह भी बताया कि यह कदम राज्य के कई क्षेत्रों से आए उन प्रस्तावों के बाद उठाया गया है, जिनमें मतगणना की तारीख को 3 दिसंबर से किसी अन्य सप्ताह के दिन में बदलने का अनुरोध किया गया था।
प्रस्तावों में कहा गया था तीन दिसंबर, रविवार होने के कारण मिजोरम के लोगों के लिए खास महत्व है। मालूम हो कि मिजोरम में इसके विरोध में एनजीओसीसी, सेंट्रल यंग मिजो एसोसिएशन (सीवाईएमए) और मिजो जिरलाई पॉल (एमजेडपी) जैसे संगठन प्रदर्शन कर रहे थे। शुक्रवार को इन लोगों ने राजभवन के पास एक रैली की।
जिसमें एनजीओसीसी के चेयरमैन लालह्मछुआना ने चुनाव आयोग पर आरोप लगया कि राजनीतिक दलों, चर्चों और एनजीओ ने चुनाव आयोग से कई बार काउंटिंग की तारीख बदलने की अपील की, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। दरअसल, मिजोरम में बड़ी संख्या में क्रिश्चियन समुदाय के लोग रहते हैं। रविवार ईसाइयों के लिए पवित्र दिन है। वे मांग कर रहे थे कि इस दिन राज्य में काउंटिंग न कराई जाए।