पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : असम सरकार ने प्रशासनिक सेवा में बड़ा परिवर्तन किया है। राज्य सरकार के वर्तमान निर्देश के मुताबिक राकेश अग्रवाल, कर आयुक्त, असम को इस पद से मुक्त कर दिया गया है, हालांकि श्री अग्रवाल पहले की तरह उत्पाद शुल्क,असम और असम चाय निगम के प्रबंध निदेशक के पद पर बने रहेंगे। उल्लेखनीय है कि श्री अग्रवाल ने कर आयुक्त,असम के रूप में सराहनीय कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में कर विभाग ने नई ऊंचाई हासिल की है। दूसरी ओर अब कर विभाग की जिम्मेवारी पल्लव गोपाल झा, जिला आयुक्त, कामरूप (मेट्रो) को दी गई है। अब श्री झा नए कर आयुक्त,असम के रूप में अपनी जिम्मेवारी संभालेंगे।

वे जाइका से सहायता प्राप्त गुवाहाटी जल आपूर्ति परियोजना के परियोजना निदेशक का कार्यभार संभालते रहेंगे। उधर सुमित सत्तावन, जिला आयुक्त, लखीमपुर को स्थानांतरित कर जिला आयुक्त, कामरूप (मेट्रो) के पद पर तैनात किया गया है अर्थात श्री सत्तावन को कामरुप (मेट्रो) का नया जिला आयुक्त बनाया गया है। इधर  मेघा निधि दहल, आयुक्त, गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) और परियोजना निदेशक, असम शहरी बुनियादी ढांचा निवेश कार्यक्रम को परियोजना निदेशक,असम शहरी बुनियादी ढांचा निवेश कार्यक्रम के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। गायत्री देवीदास हयालिंगे, संयुक्त सचिव, असम सरकार, वित्त विभाग को स्थानांतरित कर जिला आयुक्त,लखीमपुर के पद पर तैनात किया गया है।