जयपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कानून व्यवस्था, महिला अपराध व भ्रष्टाचार को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसने जनता को लुटेरों और दंगाइयों के हवाले कर दिया है। इसके साथ ही मोदी ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण नामक तीन बुराइयों का प्रतीक बताया। राज्य के चुनावी दौरे पर आए मोदी ने अंता (बारां), कोटा व करौली में चुनावी जनसभाएं कीं। अंता में मोदी ने कहा कि अब हमारे सामने विकसित भारत का लक्ष्य है। लेकिन राजस्थान को विकसित बनाए बिना भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य अधूरा है। जब तक भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण नाम के देश के तीन दुश्मन हमारे बीच हैं, तब तक ये संकल्प पूरा होना मुश्किल है और कांग्रेस इन तीन बुराइयों की सबसे बड़ी प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस में मंत्री हो, विधायक हो- सब बेलगाम हैं और जनता त्रस्त है। कांग्रेस ने राजस्थान की जनता को लुटेरों, दंगाइयों, अत्याचारियों और अपराधियों के हवाले कर दिया है। इसलिए आज राजस्थान का बच्चा बच्चा कह रहा है - गहलोत जी, कोनी (नहीं) मिले वोट जी।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस के समर्थन से राजस्थान में समाज विरोधी ताकतों के हौसले बुलंद हैं और यहां कांग्रेस सरकार के मंत्री बहनों-बेटियों पर अत्याचार करने वालों और दंगाइयों के साथ खड़े रहते हैं। मोदी ने कहा कि जो कांग्रेस सरकार जान-माल और सम्मान की सुरक्षा तक नहीं कर सकती, उस सरकार को एक पल भी रहने का हक नहीं है। कथित लाल डायरी को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आजकल राजस्थान की लाल डायरी की सबसे अधिक चर्चा है। इस लाल डायरी के पन्ने जैसे जैसे खुल रहे हैं, वैसे वैसे जादूगर जी के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही हैं। इस लाल डायरी में साफ-साफ लिखा है कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में आपके जल, जंगल और जमीन को कैसे बेचा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा और महिला कल्याण भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। अपनी बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए आपके इस भाई ने मुफ्त गैस कनेक्शन दिए। इस रक्षाबंधन पर भी हमने उज्ज्वला के गैस सिलेंडर के दाम में बड़ी राहत दी थी। अब राजस्थान भाजपा ने और भी सस्ता गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया है।
भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान के लोगों को लूटने वाला कोई भी भ्रष्टाचारी बच नहीं सकता। उन्होंने कहा कि आपका सपना ही मोदी का संकल्प है। मोदी जो भी गारंटी देता है वह पूरी होकर रहती है। हमारा लक्ष्य है कि भाजपा सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं से कोई वंचित नहीं रहे। इसलिए 15 नवम्बर को बहुत बड़ी विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू की है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मौजूद थीं। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। कोटा में मोदी ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री गहलोत पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि यहां जो जादूगर है, वो चाहे दुनिया भर के जादू कर ले... काला जादू कर ले। लेकिन राजस्थान की जनता के जादू की ताकत के सामने इस जादूगर की कोई ताकत नहीं चल सकती। इसलिए जादूगर के देखते-देखते ही तीन दिसंबर को कांग्रेस छूमंतर हो जाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार को लेकर जिस तरह का घनघोर गुस्सा है, ऐसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवक, महिलाएं, किसान, पशुपालक, व्यापारी, कारोबारी, दुकानदार... सब कांग्रेस से मुक्ति चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के लोग इसलिए गुस्सा हैं क्योंकि उन्होंने कांग्रेस के राज में सिर्फ तबाही देखी। कांग्रेस राजस्थान को फिर से बीमारू राज्य बनाना चाहती है। कांग्रेस के नेता सिर्फ अपनी तिजोरी भरते रहे, राजस्थान की जनता को वो लोग भूल गए हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सूरमाओं की इस धरा को दंगाइयों का खुला मैदान बना दिया है। उन्होंने कहा कि आतंकी संगठन कोटा में पीएफआई जुलूस निकालता है और कांग्रेस सरकार सोई हुई है।
तुष्टिकरण की गुलाम कांग्रेस सरकार आतंक परस्तों से डरती है और राजस्थान का भला चाहने वालों पर कार्रवाई करती है। इसके बाद मोदी ने करौली में एक सभा में आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए सिर्फ और सिर्फ एक परिवार ही सबकुछ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गली-चौराहे, स्कूल, अस्पताल, सरकारी योजनाएं सब कुछ एक परिवार के नाम पर ही कर दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें अपराध करने की खुली छूट दे रखी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं यहां राजस्थान के लोगों को कांग्रेस के पंजे से सावधान करने के लिये आया हूं। कांग्रेस के पंजे ने राजस्थान के लोगों को त्रस्त कर दिया है। इसलिए जनता ने भी ठान लिया है कि अब कांग्रेस को वापस नहीं आने देना है।