पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के कथित करीबी तुलीराम रंगहांग की कथित तानाशाही की वजह से कार्बी आंग्लांग की आम जनता परेशान है। रविवार को डिफू में आयोजित कांग्रेस के एक बड़े सदस्यता ग्रहण समारोह में कार्बी पहाड़ी में भाजपा के विभिन्न स्तरों पर 680 नेता कांग्रेस में शामिल हो गए। समारोह में भाग लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने कहा कि आज विश्व कप क्रिकेट का फाइनल मैच है और हम 2026 असम कप के लिए तैयार हो रहे हैं। गौरतलब है कि डिफू में कांग्रेस के सदस्यता ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए शनिवार से कांग्रेस अध्यक्ष बोरा डिफू में थे।

रविवार सुबह 11 बजे डिफू क्लब में आयोजित कांग्रेस के सदस्यता ग्रहण समारोह में बोकाजान से तीन बार विधायक  रहे  और कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद के कार्यकारी सदस्य जगत सिंह इंति, पूर्व परिषद कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप डिफूसा और वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप रंगपी की बेटी सेरिश्मा रंगपी भी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं। समारोह में भाजपा के विभिन्न स्तर के कुल 680 नेता-कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। डिफू क्लब में आयोजित कांग्रेस के सदस्यता ग्रहण समारोह में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा के अलावा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष कमलाक्ष देब पुरुकायस्थ, महासचिव अपूर्व कुमार भट्टाचार्य, पूर्व सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बीरेन सिंह इंति, कार्बी आंग्लांग जिला कांग्रेस अध्यक्ष चुम रंगहांग, पश्चिम कार्बी आंग्लांग जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिंह टेरोन, पूर्व विधायक जयराम इंगलेंग और अन्य शीर्ष नेता उपस्थित रहे।