लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के ठीक आधे घंटे बाद गुवाहाटी से दिल्ली जाने वाली इंडिगो विमान एक पक्षी से टकरा गया और उसे फिर से गुवाहाटी में आपात स्थितियों में उतारना पड़ा। घटना के समय विमान में 102 यात्री सवार थे। सूत्रों के अनुसार सोमवार की शाम को 4.30 बजे इंडिगो की एक विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ देर बाद एक पक्षी से टकरा गया। इस घटना की सूचना हवाई अड्डे को दी गई जिसके बाद रनवे पर विमान की आपात लैंडिंग  कराई गई। हालांकि पक्षी के टकराने से विमान का इंजन या अन्य कोई भाग क्षतिग्रस्त नहीं हुआ। यात्रियों का कहना था कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही एक जोरदार झटका लगने की आवाज सुनाई दी। साथ ही विमान को दोबारा रनवे पर लौटता देख यात्रियों के मन किसी अनहोनी की आशंका  जग उठी। इस दौरान करीब 15 मिनट तक यात्रियों की जान सांसत में रही। हालांकि पायलट की होशियारी से विमान को सुरक्षित रनवे पर उतारा गया और यात्री बाल-बाल बचे। यात्रियों को बाद में वस्तुस्थिति की जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि इंडिगो की इस विमान को पूरी तरह जांच-पड़ताल कर यात्रियों को फिर से उसी विमान से दिल्ली भेजा गया। हवाई अड्डे के विभागीय अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट पर बड़ी घटना घट सकती थी। कम ऊंचाई पर विभिन्न प्रकार के पक्षी होने के कारण विमान टकराते हैं, लेकिन पायलट द्वारा उस विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार लिया जाता है।