पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : सार्वजनिक छुट्टियों पर 2024 वर्ष की हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा की तारीख की घोषणा करने के बाद परीक्षार्थीयाें, अभिभावकों और कुछ जागरूक शिक्षकों की आपत्तियों के कारण मैट्रिक परीक्षा का कार्यक्रम अंतत: बदल दिया गया। इस संबंध में सेबा द्वारा जारी एक निर्देश के अनुसार सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 20 फरवरी की सुबह के बजाए 19 फरवरी की सुबह (9 बजे से दोपहर 12 बजे तक) आयोजित की जाएगी। इसी तरह सामान्य विज्ञान की परीक्षा 26 फरवरी की सुबह के बजाए 27 फरवरी की सुबह को होगी। इसके अलावा वीविंग एगु टेक्सटाइल डिजाइन और बोरो वैकल्पिक विषयों की परीक्षा 27 फरवरी की सुबह के बजाए उसी दिन दोपहर 1.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि भूमिपुत्र कार्बी लोगों के साथ-साथ इस्लाम धर्म के लोग हर साल फागुन के महीने में कार्बी देहल कर्सीदम और सबे-ए- बारात मनाते हैं। कार्बी लोग सौभाग्य की कामना के लिए फागुन के पहले मंगलवार को कार्बी देहल कर्सीदम में जातीय परंपराओं के साथ देहल पूजा करते  हैं। दूसरी ओर मुसलमान लोग रमजान के पवित्र महीने से एक पखवाड़े पहले शबे-ए-बारात मनाते हैं। इस दिन को मुसलमान पुण्य की रात के रूप में मनाते हैं। 2024 के सरकारी कैलेंडर के अनुसार 20 फरवरी को कार्बी देहल कर्सीदम और 26 फरवरी को शब-ए-बारात की सीमित छुट्टी होगी। लेकिन छुट्टियों की इस सूची के बावजूद सेबा ने 9 अक्तूबर को मैट्रिक परीक्षा के कायक्रम की घोषणा की और 20 फरवरी और 26 फरवरी को दो विषयों की परीक्षा तिथियों की घोषणा की थी। हालांकि, प्रतिक्रिया के बाद हाल ही में कुल तीन दिनों के लिए परीक्षा का कार्यक्रम बदल दिया गया।