पटना : बक्सर में ट्रेन हादसे के बाद राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस या शताब्दी को उड़ाने की धमकी देने का मामला अभी जांच के दायरे में है, इस बीच यूपी में आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान से टेरर फंडिंग का मामला सामने आ चुका है। इन खबरों के बीच बुधवार को बिहार में ही भागलपुर से जयनगर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में विस्फोट की खबर सामने आयी। विस्फोट ट्रेन में उस समय हुआ, जब ट्रेन समस्तीपुर जंक्शन के आउटर सिग्नल के पास थी। विस्फोट ऊपरी सीट पर रखे बैग में हुआ, जिससे नीचे बैठी महिला समेत कई यात्री घायल हो गए। छठ की तैयारी में भारी भीड़ की आवाजाही के बीच इस विस्फोट ने रेलवे के साथ पुलिस-प्रशासन को परेशान कर दिया। इस घटना में घायल महिला की पहचान दरभंगा जिले के कद्राचक गांव की रहने वाली रानी देवी ने बताया कि वह उस ट्रेन के बोगी संख्या 054374 में सुल्तानगंज में सवार हुई थी। महिला ने बताया कि वह छठ पर्व मनाने के लिए दरभंगा जा रही थी।

तभी ऊपर की सीट पर रखे बैग में अचानक ब्लास्ट हुआ और चारों तरफ धुआं धुआं हो गया। ब्लास्ट होते ही ट्रेन में अफरातफरी का माहौल हो गया। लोग इधर उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत वहां रेलवे पुलिस पहुंची और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ब्लास्ट के बाद जलते हुए थैलों को यात्रियों ने किसी प्रकार रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर अन्य बोगियों से भी यात्री उतरकर वहां जुट गए।  घटना की सूचना मिलते ही वहां आरपीएफ की टीम ने फायरफाइटर यंत्र से बैग में लगी आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान आउटर सिग्नल पर ट्रेन लगभग 15 से 20 मिनट तक रुकी रही। आग पर काबू पाए जाने के बाद ट्रेन को फिर समस्तीपुर स्टेशन पर लाया गया। घटना के संबंध में डीआरएम विनय श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान मधुबनी जिला के सकरी निवासी अरविंद मंडल और उनके पुत्र नवेंदु मंडल के रूप में की गई है, जिनके पास से रेलवे पुलिस ने 250 ग्राम गन पाउडर बरामद किया है।

दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार करते हुए बताया है कि उन बाप बेटों ने पटाखा बनाने के लिए गुडग़ांव से गन पाउडर खरीदा था। आरोपियों ने रेलवे पुलिस को बताया कि छठ के मौके पर अपने घर सकरी लौट रहे थे। गन पाउडर को वह अपने बैग में टाइट पैकेट में बांध रखा था जिस कारण अचानक उससे धुआं निकलने लगा। इस घटना में एक महिला सहित तीन यात्री झुलस गये हैं। डीआरएम विनय श्रीवास्तव का कहना है कि ट्रेन में बम जैसा कोई ब्लास्ट नहीं हुआ था। गन पाउडर में आग लग गई थी जिसे आरपीएफ और यात्रियों के सहयोग से काबू पा लिया गया।