मुंबई : विराट कोहली ने वनडे में शतकों का अर्द्धशतक पूरा करके सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि मोहम्मद शमी ने सात विकेट लेकर गेंदबाजी में फिर से कमाल दिखाया, जिससे भारत ने बुधवार को यहां न्यूजीलैंड को 70 रन से हराकर सेमीफाइनल में हारने के मिथक को तोड़कर चौथी बार वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई। भारत इससे पहले 1987, 1996, 2015 और 2019 में सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ पाया था। चार साल पहले मैनचेस्टर में न्यूजीलैंड ने उसका विजय अभियान थामा था, जिसका उसने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हिसाब चुकता किया। भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 397 रन बनाए और इस तरह से विश्व कप के नॉकआउट चरण में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 48.5 ओवर में 327 रन बनाकर आउट हो गई। अहमदाबाद में रविवार को होने वाले फाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। दो बार का चैंपियन भारत इससे पहले 1983, 2003 और 2011 में फाइनल में पहुंचा था। भारत की तरफ से कोहली ने 113 गेंद में 117 रन, जबकि श्रेयस अय्यर ने 70 गेंद पर 105 रन बनाए।

इन दोनों ने 128 गेंद पर 163 रन जोड़े। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा ने 29 गेंद पर 47 रन की तूफानी पारी खेल कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई जबकि बीच में रिटायर्ड हर्ट होने वाले शुभमन गिल ने अंतिम ओवर में वापसी की और कुल 66 गेंद पर नाबाद 80 रन की पारी खेली। केएल राहुल 20 गेंद पर 39 रन बनाकर नाबाद रहे।  न्यूजीलैंड का स्कोर एक समय दो विकेट पर 39 रन था जिसके बाद डेरिल मिचेल (119 गेंद पर 134) और कप्तान केन विलियमसन (73 गेंद पर 69 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 181 रन की साझेदारी की। मिचेल ने अपनी पारी में नौ चौके और सात छक्के लगाए। शमी ने अपने कैरियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 57 रन देकर सात विकेट लेकर भारतीय रिकॉर्ड बनाया। यह पहला अवसर है जबकि भारत के किसी गेंदबाज ने वनडे मैच में सात विकेट हासिल किये। कोहली ने 106 गेंद पर अपना शतक पूरा करके तेंदुलकर के सामने उनका वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड तोड़ा। वह वनडे में शतकों का अर्द्धशतक पूरा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस पारी के दौरान किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने के तेंदुलकर (2003 में 673 रन) का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

कोहली के खिलाफ न्यूजीलैंड ने शुरू में ही एलबीडब्ल्यू के लिए डीआरएस लिया था। इसके अलावा कीवी गेंदबाज उन्हें किसी भी समय परेशान नहीं कर पाए। उन्होंने सहजता से रन बटोरे और टिम साउदी की गेंद पर डीप स्क्वायर लेग में कैच देने से पहले अपनी पारी में नौ चौके और दो छक्के लगाए। पिछले मैच में शतक जडऩे वाले अय्यर ने अपनी उसी लय को बरकरार रखा और अपने घरेलू मैदान वानखेड़े में छक्कों की बौछार करके दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने साउदी पर छक्का लगाने के बाद अगली गेंद पर एक रन लेकर 67 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। यह विश्व कप के नॉकआउट चरण में सबसे तेज शतक है। अय्यर इसके बाद ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर कैच देकर पवेलियन लौटे। अय्यर ने अपनी पारी में चार चौके और आठ छक्के लगाए। वह विश्व कप में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। भारत की तरफ से इस मैच में 19 छक्केे  लगे जो विश्व कप में उसका नया रिकॉर्ड है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेमीफाइनल में जीत के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है और उम्मीद जताई कि भारत इसी टीम भावना से खेलता रहा तो फाइनल भी जीतेगा। उन्होंने पूर्व कप्तान विराट कोहली और गेंदबाज महम्मद शमी की जमकर तारीफ की।