रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण में मतदान 17 नवंबर को है। ऐसे में सभी पार्टियों के दिग्गज नेता जमकर चुनावी प्रचार-प्रसार कर रहे है। आज असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने चार अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जनसभा के कार्यक्रम को संबोधित किए। सीएम हिमंत विश्वशर्मा गरियाबंद जिले के गुरजिभाटा क्षेत्र में जनसभा के कार्यक्रम को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भूपेश-ढेबर-अकबर की सरकार ने छत्तीसगढ़ को दोनों हाथों से लूटा है। कांग्रेस ने लूट-भ्रष्टाचार को छत्तीसगढ़ की पहचान बना दी है। इतना ही नहीं कांग्रेस ने शराबबंदी के नाम पर छत्तीसगढ़ की महिलाओं को धोखा दिया। शराबबंदी तो नहीं की, बल्कि हजारों करोड़ों का शराब घोटाला करके अपनी तिजोरी भरी। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आने के बाद हर परिवार का सपना साकार होगा। गरीबों को आवास मिलेगा। महिलाओं को सालाना 12 हजार रुपए मिलेगा। भाजपा छत्तीसगढ़ को इस भ्रष्ट सरकार से मुक्त कराएगी।
इससे पहले उन्होंने रायपुर एयरपोर्ट में पत्रकारों से चर्चा की और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। हिमंत विश्व ने कांग्रेस के गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा पर कहा कि 2018 का वादा निभाया नहीं। जो 500 नहीं दे सकता है वह सालाना 15 हजार रुपए कैसे दे पाएगा। हिमंत ने कहा कि बीजेपी ने घोषणा पत्र निकाल दिया है तो सीएम भूपेश बघेल नर्वस हो गए हैं। दीपावली के दिन उन्होंने महिलाओं को सलाना 15000 रुपए देने की घोषणा की। 2018 में बोले थे 500 रुपए महीना महिलाओं को देंगे, 2018 का वादा निभाया नहीं। जो 500 नहीं दे सकता है, वह सालाना 15 हजार रुपए कैसे दे पाएगा? कांग्रेस सरकार में बौखलाहट दिख रही है। सबको पता चल गया है अब इनकी कहानी खत्म हो चुकी है। सरकार बीजेपी की बनने वाली है। 100 प्रतिशत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनेगी। कांग्रेस सरकार बैक फुट में आ चुकी है। शर्मा ने कहा कि सनातन का जयगान करना मेरा काम है। जब भी मुझे मौका मिलता है चुनाव हो, शादी हो, पर्व हो व्यक्तिगत संबंध हो दो शब्द में सनातन के बारे में बोल कर जाता हूं। यहां नहीं बोलूं तो पाकिस्तान या बांग्लादेश में बोलूं क्या?