डिजिटल डेस्क : इजरायल और हमास के लगातार युद्ध के बीच फिलिस्तीन में इजरायली बस्तियों के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र में एक अहम प्रस्ताव पास किया गया । भारत ने संयुक्त राष्ट्र के उस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया है जिसमें फलस्तीन में इसरायली बस्तियों की निंदा की गई है। इसका विरोध करने वाले 7 देशों में अमेरिका और कनाडा भी शामिल हैं। 18 देशों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।

इससे कुछ सप्ताह पहले भारत ने गाजा पट्टी में इजरायली और हमास के बीच 'तत्काल, टिकाऊ और निरंतर संघर्षविराम' की मांग करने वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव पर मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। अनुपस्थित रहने के अपने फैसले के बारे में बताते हुए सरकार के सूत्रों ने कहा था कि भारत गाजा में सामने आ रहे मानवीय संकट को लेकर चिंतित है, लेकिन उसका यह भी मानना है कि आतंकवाद पर कोई समानता नहीं हो सकती। 

इजराइल पर 7 अक्टूबर को हुए हमलों के बाद  इजरायली और हमास के बीच शुरू हुए युद्ध में गाजा में 11,000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। हमास के हमलों में लगभग 1,200 इजरायली मारे गए और 200 से अधिक बंधक बना लिए गए।