यरूशलम : इजराइल हवा और समुद्र से ‘बड़े पैमाने पर’ हमले करने के साथ पैदल सेना और बख्तरबंद वाहनों की मदद से गाजा में अपने जमीनी अभियान का विस्तार कर रहा है। इजराइली सेना के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। रियर एडमिरल डेनियल हैगारी ने शनिवार को कहा कि ‘‘सेनाएं अब भी जमीन पर हैं और युद्ध जारी है। इससे पहले, इजराइली सैनिक कुछ देर के लिए रात में जमीनी मार्ग से गाजा में गए थे और फिर लौट आए थे। इजराइली सेना ने शनिवार को एक वीडियो जारी किया था, जिसमें गाजा के खुले रेतीले इलाकों में बख्तरबंद वाहनों के काफिले धीरे-धीरे चलते नजर आ रहे थे। सेना ने कहा कि युद्धक विमानों ने दर्जनों हमास सुरंगों और भूमिगत बंकर को निशाना बनाया। इससे पहले, इजराइल ने गाजा पट्टी में इंटरनेट और संचार के अन्य माध्यम बंद कर दिए हैं, जिससे वहां रहने वाले 23 लाख लोगों का आपस में तथा बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है।

इजराइल ने शुक्रवार रात से गाजा पर हवाई और जमीनी हमले भी तेज कर दिए हैं। इजराइल की सेना ने शुक्रवार को कहा था कि वह क्षेत्र में जमीनी अभियान ‘व्यापक’ कर रही है। सेना की यह घोषणा इस बात का संकेत देती है कि वह गाजा पर संपूर्ण आक्रमण के नजदीक पहुंच रही है। उसने गाजा में हमासउग्रवादियों का पूरी तरह से सफाया करने का प्रण लिया है। इजराइल के हवाई हमलों के कारण हुए विस्फोट से गाजा सिटी के आसमान में लगातार चमक दिखाई देती रही। फलस्तीन के टेलीकॉम प्रदाता ‘पालटेल’ ने कहा कि बमबारी के कारण इंटरनेट, सेल्युलर और लैंडलाइन सेवाएं ‘पूर्ण रूप से बाधित’ हो गईं हैं। संचार ठप होने का मतलब यह है कि हमले में लोगों के मारे जाने और जमीनी कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाएगी।

हालांकि, क्षेत्र में कुछ सेटेलाइट फोन काम कर रहे हैं। गाजा एक सप्ताह से बिजली नहीं होने से अंधेरे में डूबा हुआ है। फलस्तीन के लोग भोजन और पेयजल की समस्या से भी जूझ रहे हैं। गाजा के लोग उस वक्त दशहत में आ गए, जब मैसेजिंग ऐप अचानक बंद होने के कारण परिवारों के साथ उनका संपर्क कट गया और कॉल आने बंद हो गए। वेस्ट बैंक के रामल्ला शहर में महिलाओं की एक संस्था की निदेशक वफा अब्दुल रहमान ने कहा कि मैं बहुत डर गई।