गुवाहाटीःभारतीय सेना की त्रिशक्ति कोर के जवान बीआरओ के साथ मिलकर नागरिक प्रशासन और स्थानीय लोगों की सहायता से उत्तरी सिक्किम को फिर से जोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चला रहा हैं। जहां बीआरओ मुख्य मार्ग मंगन-तुंगचुंगथांग को फिर से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।  सेना सूत्रों के अनुसार  त्रिशक्ति कोर के सैनिक, स्थानीय लोगों और नागरिक प्रशासन की सहायता से वैकल्पिक मार्ग मंगन-संकलांग-थेंग-चुंगथांग को खोलने का प्रयास भी किया जा रहा हैं। इसके लिए मंगन-संकलांग क्रॉसिंग पर तीस्ता नदी पर दो बेली ब्रिज के निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए  चौबीसों घंटे काम करते हुए  23 अक्तूबर की सुबह 11 बजे पहला पुल बनकर तैयार हो गया है।

सेना सूत्रों ने बताया कि मंगन से आगे उत्तरी सिक्किम का क्षेत्र 4 अक्तूबर से कटा हुआ है। उन्होंने बताया कि तत्काल  चुंगथांग और सांकलांग-मंगन क्रॉसिंग पर पैदल पुल के साथी ही जीप लाइनों का निर्माण किया गया है जिससे स्थानीय लोग पैदल आवाजाही करने के साथ ही राहत सामग्री ले जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण मुख्य सड़क मंगन-तुंग-चुंगथांग को बड़े पैमाने पर क्षति होने के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हालांकि काम तेजी से होने के कारण जल्द मुख्य मार्गों पर आवाजाही बहाल होने की संभावना है।  सेना सूत्री की माने तो कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए तत्काल राहत के रूप में त्रिशक्ति कोर के सैनिक मंगन-संकलांग क्रॉसिंग पर बेली ब्रिज का निर्माण कर रहे हैं, जहां से 200 मीटर ऊपर की ओर एक बांस पुल और जीप लाइन का निर्माण किया गया था। हालाँकि बाढ़ की वजह से नदी की चौड़ाई 600 फीट तक बढ़ गई है और बीच में 160 फीट के द्वीप के साथ दो चैनलों पर पानी बह रहा है।

इसलिए दो अलग-अलग पुल बनाने का निर्णय लिया गया। त्रिशक्ति कोर के जवानों ने युद्ध स्तर पर काम करते हुए 150 फीट लंबे एक  पुल का निर्माण 23 अक्तूबर को पूरा कर लिया। दूसरे पुल का निर्माण 27 अक्तूबर तक पूरा होने की संभावना है। सेना के एक अधिकारी का कहना है कि त्रिशक्ति सैपर्स ने हमारे इस विश्वास को मजबूत किया है कि जब हम प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने के लिए एकजुट होते हैं तो कोई भी चुनौती दुर्गम नहीं होती। उनके असाधारण कौशल, अद्वितीय समर्पण और सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने प्रभावित समुदायों के दिलों में आशा बहाल की है कि जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।