शरदीय नवरात्रि के बाद आमतौर पर देश में सर्दी के मौसम का आगमन हो जाता है। तापमान गिरना और मौसम में होने वाला अचानक बदलाव आपमें कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिमों को बढ़ाने वाली हो सकती है। इंफ्लूएंजा, सर्दी-जुकाम जैसी कई समस्याएं सर्दी के दिनों में काफी कॉमन हैं। इस तरह की दिक्कतों से बचे रहने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को शरीर की इम्युनिटी को मजबूत बनाने के लिए प्रयास करते रहने की सलाह देते हैं। कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों के बीमार पड़ने का खतरा अधिक होता है। अध्ययनों से पता चलता है कि जब आपके शरीर का तापमान कम होने लगता है, तो यह प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर कर सकती है। इसलिए सर्दी के मौसम में ठंड से बचाव के उपाय सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने और शरीर की देखभाल करने के कई तरीके हैं।

विटामिन्स-पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेंः जब भी बात शरीर की इम्युनिटी को मजबूती देने की होती है, इसमें आहार की पौष्टिकता पर ध्यान देना सबसे आवश्यक माना जाता है। ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करें जो तमाम प्रकार के पोषक तत्वों जैसे विटामिन सी, डी और जिंक से भरपूर हों, इन तत्वों को प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए फायदेमंद माना जाता है। संतुलित आहार आपके शरीर को ऊर्जावान और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। फलों और सब्जियों, लीन प्रोटीन और साबुत अनाज से भरपूर आहार आपके प्रतिरक्षा तंत्र मजबूती देते हैं। 

हाइड्रेशन भी बहुत जरूरी : इम्युनिटी को मजबूत बनाने के लिए सिर्फ पौष्टिक आहार ही काफी नहीं हैं, आपको शरीर के हाइड्रेशन का भी ध्यान रखना चाहिए। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों के मुताबिक पानी पीते रहना आपके पूरे शरीर में पोषक तत्वों के संचार में सहायता करता है। पानी पीते रहने से आपके सभी अंगों को ठीक से काम करते रहने में भी मदद मिलती है। डिहाइड्रेशन की स्थिति आपमें कई प्रकार की बीमारियों के खतरे को भी बढ़ाने वाली हो सकती है।

शारीरिक रूप से रहें सक्रिय : आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए नियमित व्यायाम फायदेमंद हो सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि व्यायाम आपकी प्रतिरक्षा कोशिकाओं में रक्त के परिसंचरण को बढ़ाती है, बेहतर नींद में भी मदद कर सकती है। जॉन्स हॉपकिन्स मेडिसिन के अनुसार, व्यायाम, गहरी नींद प्राप्त करने में मदद करता है, आपके दिमाग को आराम देता है और तनाव कम करता है। ये सभी स्थितियां शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूती देती हैं।