यरुशलम : इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री का बृहस्पतिवार को उनके देश आना इजराइल के प्रति अमरीका के पूर्ण समर्थन का ठोस उदाहरण है। उन्होंने इजराइल पर गत सप्ताहांत हमला करने वाले हमास आतंकवादी समूह की तुलना आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट से की। इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह से इस्लामिक स्टेट को कुचल दिया गया था, उसी तरह से हमास को भी कुचल दिया जाएगा। वहीं अमरीकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने एक बार फिर इजराइल के प्रति अमरीका का समर्थन दोहराया। दूसरी तरफ इजराइल-हमास जंग के इस बीच इजराइल ने लोगों को गाजा पट्टी खाली करने को कहा है। सेना ने आसमान से पर्चे गिराए हैं। इन पर लिखा है- हमास के हमलों की वजह से इजराइली सेना जवाब दे रही है। जिन इमारतों में हमास काम कर रहा है, उन्हें तबाह कर दिया जाएगा। वहीं, इजराइली सेना ने सीरिया में हमास के समर्थक ईरान के ठिकानों पर हमला किया है।
ये हमले दमिश्क में एयरपोर्ट के करीब हुए हैं। दूसरी तरफ, भारत ने इजराइल पर हमास के हमले को आतंकी हमला बताया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फिलिस्तीन को लेकर भारत की पॉलिसी लंबे समय से एक ही रही है। भारत हमेशा से बातचीत से आजाद और संप्रभु फिलिस्तीन बनाने की वकालत करता रहा है। अभी भारत का यही स्टैंड है। इजराइल-हमास संघर्ष पर अपने पहले विस्तृत बयान में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करना एक सार्वभौमिक दायित्व है और इसी तरह आतंकवाद के खतरे से लड़ना भी वैश्विक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का ध्यान उन भारतीयों को इजराइल से वापस लाने पर है, जो मौजूदा स्थिति को देखते हुए वापस लौटना चाहते हैं।
इजराइल में फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए भारत ऑपरेशन अजय की शुरुआत कर चुका है। आज रात इजराइल के डेविड बेंगुरिअन एयरपोर्ट से रात 9 बजे चार्टर प्लेन भारत के लिए रवाना होगा। इससे 230 लोग कल सुबह वापस लौटेंगे। वहीं इजराइली मंत्री ने कहा है कि गाजा जब तक बंधक बनाए गए इजराइलियों को छोड़ नहीं देता, तब तक उसे बिजली-पानी नहीं मिलेगा। दरअसल, 9 अक्तूबर को गाजा बॉर्डर पर कब्जे के बाद इजराइल ने गाजा तक होने वाली बिजली सप्लाई रोक दी थी। जिसके बाद 11 अक्तूूबर को पूरे गाजा में बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। 5 में से 3 वाटर प्लांट्स ने भी काम करना बंद कर दिया है।