नई दिल्ली : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल आज लगभग सभी क्षेत्रों में होने लगा है। एआई का इस्तेमाल आमतौर पर भविष्यवाणी के लिए नहीं होता है, लेकिन अब एआई इसमें भी कब्जा करने के लिए तैयार है। एक नई शोध में दावा किया जा रहा है कि एआई आने वाले भूकंप की जानकारी 70 फीसदी तक सटीकता के साथ दे सकता है। रिसर्च में कहा गया है कि एआई एक सप्ताह पहले ही भूकंप के बारे में बता देगा। ऑस्टिन में टेक्सास विश्वविद्यालय ने एक ऐसे एआई को तैयार किया है जिसे रियल टाइम में भूकंपीय डाटा उपलब्ध कराने के लिए ट्रेनिंग दी गई है।

ट्रेनिंग के दौरान इस एआई को पुराने भूकंप के डाटा को दिया गया था। इस एआई ने चीन में सात महीने के परीक्षण के दौरान 70 प्रतिशत भूकंपों की एक सप्ताह पहले ही सही भविष्यवाणी की है, जिससे उम्मीद जगी है कि इसका इस्तेमाल भविष्य में भूकंप से होने वाले नुकसान को सीमित करने के लिए किया जा सकता है। कई हफ्तों के रिसर्च के बाद इस एआई के रिजल्ट को जारी किया गया है। इस एआई मॉडल ने एक साप्ताह पहले करीब 200 मील के भीतर 14 भूकंपों की  भविष्यवाणी की थी।

भूकंप भी उसी तीव्रता के साथ आया जितनी जानकारी एआई ने दी थी। हालांकि 1 भूकंप का पता लगाने में यह विफल रहा और 8 के बारे में गलत झूठी चेतावनियां दीं। अभी तक यह साफ नहीं है कि यह दुनिया के किसी भी कोने में अपना काम सटीकता के साथ कर पाएगा या नहीं। शोधकर्ताओं का कहना है कि इस एआई का इस्तेमाल अमरीका, इटली, जापान, ग्रीक, तुर्की और टेक्सास में भूकंपीय ट्रैकिंग नेटवर्क को बेहतर बनाने में किया जा सकता है।