गुवाहाटी : आज 05 अक्तूबर 2023 को केरिपु बल ‘महिला मोटर साइकिल रैली-2023’ के ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ गुवाहाटी में पहुंचने के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। देश के तीन स्थानों श्रीनगर, शिलांग व कन्याकुमारी से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की महिला मोटर साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है, जो लगभग 10,000 किमी की दूरी तय कर गुजरात के एकता नगर में प्रतिष्ठित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर दिनांक 31 अक्तूबर 2023 को राष्ट्रीय एकता दिवस पर संपन्न होगी।

इस गौरवशाली मौके पर बिनोद कुमार सिंह, भारतीय पुलिस सेवा, अपर महानिदेशक, पूर्वोत्तर अंचल गुवाहाटी की ओर से शिलांग से आज गुवाहाटी पहंुची मोटर साइकिल रैली का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महोदय ने महिला मोटरसाइकिल बाइकर्स को सम्मानित किया। महिला बाइकर्स देश में महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

इसी क्रम में महिला मोटरसाइकिल रैली के आगमन पर बेटी बचाव बेटी पढ़ाओ कैंपेन के तहत महिला बाइकर्स के साथ केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने वार्तालाप की, जिससे कि महिला सशक्तिकरण का प्रचार-प्रसार हो सके। इस अवसर पर अमियारंजन सरकार, महानिरीक्षक, चिकित्सा, अरूणेंद्र प्रताप, उप महानिरीक्षक, मानस रंजन, उप महानिरीक्षक ग्रुप केंद्र केरिपु बल गुवाहाटी व अन्य अधिकारी गण और जवान उपस्थित रहे।