मोरानहाट : मोरान बाटामारा के व्यवसायी तथा ठेकेदार कनक गोगोई के निवास स्थान से आज ग्रेनेड की बरामदगी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रेनेड जब्त करने के साथ जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार चराईदेव जिले के मोरानहाट थानांतर्गत बाटामारा के ठेकेदार तथा व्यवसायी कनक गोगोई के घर के मुख्य द्वार के पास सुबह छह बजे घर में काम करने वाले लोगों ने ग्रेनेड देख तत्काल कनक गोगोई को अवगत कराया। गोगोई ने मोरानहाट थाना प्रभारी अतुल पाटर को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी पाटर ने ग्रेनेड को जब्त कर अपने साथ ले आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए चराईदेव जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा सेना ने भी कनक गोगोई के घर पहुंच मामले की जांच की और सीसीटीवी तथा घर के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुट गई है। बताते चलें कि लगभग पांच से छह माह पूर्व कनक गोगोई को मोबाइल पर पत्र भेज अल्फा (स्वाधीन) के नाम पर पचास लाख रुपए की मांग की गई थी।
हालांकि कनक गोगोई ने उस वक्त भी पुलिस को डिमांड की जानकारी देते हुए इस संदर्भ में थाने में मामला दर्ज करवाया था, लेकिन उक्त मामले में पुलिस को आजकल किसी तरह की कोई सफलता नहीं मिल पाई है, जबकि खुद को अल्फा (आई) का सदस्य बताकर कनक गोगोई को फोन कर पैसे की डिमांड और धमकियां देने का दौर चलता रहा। बहरहाल आज भी व्यवसायी गोगोई ने ग्रेनेड बरामदगी का मामला भी थाने में दर्ज करवाया है। बताते चलें कि कनक गोगोई अपनी पत्नी तथा एक पुत्री के साथ बाटामारा में रहते हैं। मोरान-ऑयल इंडिया सड़क के किनारे उनके निवास पर कल देर रात तक पुत्री के जन्मदिन की पार्टी चल रही थी और घर पर कुछ मेहमान भी थे।
अंधेरे की वजह से ग्रेनेड फेंके जाने का वीडियो सीसीटीवी में साफ नजर नहीं आया कि आखिर ग्रेनेड वहां कब और कैसे आया। मगर ग्रेनेड की बरामदगी ने सभी को चिंता में डाल दिया है। दुर्गोत्सव में अब कुछ दिन ही शेष बचे हैं। हर तरफ दुर्गोत्सव की भव्य तैयारियां की जा रही है। ऐसे समय में ग्रेनेड बरामदगी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के साथ ही लोगों के लिए भी चिंता का विषय है। पीएसओ की चाह में कुछ लोग इसे कनक गोगोई की मेंकिंग बताना चाहते हैं। मगर मामला जो भी हो, ग्रेनेड की बरामदगी ङ्क्षचता का विषय है। बहरहाल पुलिसिया जांच के बाद ही पूरा माजरा साफ होगा। अबतक पुलिस ने इस संदर्भ में किसी तरह का बयान नहीं दिया है।