चरखी दादरी : जनस्वास्थ्य विभाग में तैनात जेई बृजेश जावला अपनी ड्यूटी के साथ पर्यावरण प्रहरी की भूमिका भी बखूबी निभा रहे हैं। पिछले आठ साल में वो अपने स्तर पर तीन हजार पौध लगा चुके हैं। लगाए गए पौधों में से कुछ की वो नियमित देखभाल भी करते हैं। दरअसल, बृजेश जावला परिवार में किसी भी मांगलिक कार्य पर पौधरोपण करना नहीं भूलते। उनके अनुसार शुभ कार्यों और अन्य उत्सव पर अब तक वो 3000 पौध लगा चुके हैं। जेई बृजेश ने जनस्वास्थ्य विभाग दादरी कार्यालय परिसर में विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ बेटी के जन्मदिन पर भी 30 पौधें लगाकर उनके संरक्षण की शपथ ली थी।

बृजेश ने बताया कि उनके पिता रामकुमार जावला एक व्यापारी होते हुए पौधों के प्रति लगाव रखते थे। वो नियमित अंतराल पर न केवल पौधरोपण करते थे, बल्कि उनकी देखभाल भी करते थे। उनके पिता की ओर से लगाई गए सैकड़ों पौध पेड़ बन चुके हैं। उन्हें अपने पिता से ही पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा मिली।  कनिष्ठ अभियंता जावला को उनके पर्यावरण संरक्षण के कार्यों के चलते वर्ष 2016 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सीएम हाउस में सम्मानित किया था। 

जेई बृजेश जावला ने बताया कि वो जनस्वास्थ्य विभाग में 16 साल से कार्यरत हैं। पर्यावरण संरक्षण मुहिम की शुरूआत उन्होंने वर्ष 2015 में की थी। इसके बाद उनकी जहां भी पोस्टिंग रही, जैसे भिवाड़ी, भिवानी, यमुनानगर में पौधरोपण कर चुके हैं। अब उनकी पोस्टिंग दादरी में है तो यहां पर इस मुहिम को जारी रखा है।