चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार भारी बिजली कटौती करके किसानों की मुसीबतें बढ़ा रही है, जिससे धान और सब्जियों की खड़ी फसल को खतरा पैदा हो गया है।बादल ने आरोप लगाया कि हाल की बाढ़ के दौरान नष्ट हुई धान की फसल के लिए किसानों को मुआवजा जारी करने में विफल रहने के बाद, 'आप' सरकार अब बिजली कटौती करके कृषकों की परेशानी बढ़ा रही है। बादल ने एक बयान में कहा कि राज्य के किसानों की दुर्दशा के प्रति मुख्यमंत्री भगवंत मान की उदासीनता ने सभी हदें पार कर दी हैं। बादल ने कहा कि मुक्तसर, फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों में किसान 18 से 24 घंटों की बिजली कटौती की शिकायत कर रहे हैं और इस वजह से उनकी धान और सब्जियों की फसलें बर्बाद हो रही हैं।