भीलवाड़ा : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि विपक्षी दलों का महागठबंधन बनने से केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) घबरा गया है। इसके साथ ही गहलोत ने यह भी कहा कि राजस्थान में भाजपा द्वारा निकाली जा रही परिवर्तन यात्राएं फ्लॉप हो रही हैं। वह भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। गहलोत ने कहा कि विपक्षी दलों के महागठबंधन इंडिया के बनने में बहुत बड़ी भूमिका कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की रही है। खरगे मंच पर मौजूद थे।

गहलोत ने कहा कि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलांयस' (इंडिया) नाम का गठबंधन बनने से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हों, राजग सरकार हो, आरएसएस हो, भाजपा हो सब घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि किस प्रकार की प्रतिक्रिया दे रहे है प्रधानमंत्री जी किस प्रकार से कोस रहे है विपक्षी पार्टियों को विपक्षी पार्टियों पर आरोप लगाते हैं। गहलोत ने कहा कि आप सोच सकते हैं कि अगर विपक्ष का गठबंधन बना है तो तकलीफ उनको क्यों हो रही है? उन्होंने कहा कि 1998 में सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद 15-17 राज्यों में कांग्रेस की सरकार बन गई थी।

गहलोत ने कहा कि अब खरगे के पार्टी के अध्यक्ष बनने के बाद राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनने की शुरुआत हो चुकी है।  उन्होंने कहा कि इनके (खरगे के पार्टी) अध्यक्ष बनने के बाद हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में हम जीते हैं। अब बारी है आपकी कि हम (राजस्थान) जीतें। उन्होंने कहा कि भाजपा का 2024 के लोकसभा चुनाव में भी मुकाबला करना है।