जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार 2030 तक राजस्थान को सभी क्षेत्रों में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए मिशन 2030 के दृष्टिकोण पर काम कर रही है। गहलोत ने कहा कि राज्य के एक करोड़ लोगों से इस मामले में उनके सुझाव लिए जा रहे हैं और प्राप्त सुझावों का विजन डॉक्यूमेन्ट बनाकर उसे जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की अनूठी जनकल्याणकारी योजनाओं की आज हर तरफ चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का अधिकार, ओपीएस, न्यूनतम आय गारंटी कानून जैसे निर्णयों से राजस्थान देश में आदर्श राज्य बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पानी, बिजली, चिकित्सा, सड़क सहित हर क्षेत्र में राजस्थान ने अभूतपूर्व प्रगति की है। मुख्यमंत्री सोमवार को गंगापुर सिटी में आयोजित राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक-2023 के जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के अवलोकन के दौरान वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 13 जिलों में आमजन और किसानों के लिए पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) अत्यंत महत्वपूर्ण है। केंद्र से इसे जल्दी ही राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार इसकी मांग कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उज्ज्वला योजना से जुड़े परिवारों सहित लगभग 76 लाख परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाकर महंगाई से राहत दे रही है।