शरीफा यानी कस्टर्ड एप्पल एक ऐसा फल है जो खाने में मिठास से भरा होता है। यह फल देखने में हरे रंग का होता है जिस पर भूरे या काले धब्बे पड़े होते हैं। शरीफे के अंदर का गूदा सफेद होता है और इसमें ढेर सारे बीज होते हैं। शरीफे को स्मूदी, शेक या काटकर इसका सेवन किया जाता है। यह फल खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत से भी भरपूर होता है। शरीफा पोषक तत्वों से भरपूर होता है जो हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। इस फल में पोटैशियम, मैग्नीशियम और फाइबर की उच्च मात्रा मौजूद होती है।

शरीफा के सेवन से कई तरह के रोगों में लाभ होता है। आज के इस लेख में हम आपको शरीफा खाने के फायदे बताने जा रहे हैं- पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है : शरीफा में पर्याप्त मात्रा में कॉपर और डाइट्री फाइबर मौजूद होते हैं जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। शरीफा भोजन को जल्दी पचाने में मदद करता है। इसके साथ ही, शरीफा में मौजूद मैग्नीशियम अपच और कब्ज जैसी पेट संबंधी समस्या को दूर करने में मदद करता है।

आंखों की रोशनी के लिए फायदेमंद : आंखों की रोशनी के लिए शरीफा बहुत फायदेमंद होता है। शरीफा में विटामिन सी और विटामिन ए जैसे आवश्यक विटामिन मौजूद होते हैं जो आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद करते हैं। इसके साथ ही शरीफे में राइबोफ्लेविन और विटामिन बी 12 होता है जो फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से लड़ता है और आंखों को तमाम समस्याओं से बचाता है।

दिल की सेहत के लिए फायदेमंद : दिल की सेहत के लिए शरीफा बहुत फायदेमंद माना जाता है। शरीफा में मैग्नीशियम और पोटेशियम की अधिक मात्रा होती है जो दिल को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करते हैं। हृदय संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए मैग्नीशियम और पोटेशियम बहुत फायदेमंद है। यह मांसपेशियों को रिलैक्स करने और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करते हंै। शरीफा में नियासिन और फाइबर मौजूद होते हैं जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद करते हैं। इसके अलावा, इसमें मौजूद विटामिन बी 6, हृदय रोग के जोखिम को कम करता है।

अल्सर और फोड़े के इलाज के लिए  फायदेमंद : शरीफा में विटामिन ए की पर्याप्त मात्रा मौजूद होती है जो घाव को जल्दी भरने में मदद करता है। शरीफे का गूदा अल्सर और फोड़े के इलाज के लिए  फायदेमंद माना जाता है। यह न केवल घाव को जल्दी भरता है, बल्कि सूजन को कम करने में मदद करता है। इसके साथ शरीफा का छिलका मसूड़ों के दर्द और दांतों की सडऩ को रोकने में कारगर है।