इंदौर (मध्यप्रदेश) : कांग्रेस के नेता एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने एक देश, एक चुनाव की संभावनाओं पर औपचारिक विमर्श शुरू करने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि यह अवधारणा संविधान पर हमला है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने यह आरोप भी लगाया कि केंद्र सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को इस अवधारणा के विषय में गठित समिति का अध्यक्ष बनाकर उनका अपमान किया है। सिंह ने एक देश, एक चुनाव की अवधारणा को लेकर इंदौर में संवाददाताओं से कहा कि यह (अवधारणा) भारतीय संविधान पर हमला है।

इस विषय में बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बड़ा अच्छा बयान दिया है कि एक देश, एक चुनाव के बजाय एक देश, एक आमदनी की अवधारणा लागू करके दिखाई जानी चाहिए। अमीर और गरीब के बीच की खाई कम की जानी चाहिए। सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति कोविंद को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं तथा स्थानीय निकायों के चुनाव एक साथ कराने की संभावनाओं पर गौर करने और इस सिलसिले में सिफारिशों के लिए बनाई गई उच्च स्तरीय समिति का अध्यक्ष बनाया है। सिंह ने इस नियुक्ति को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इससे पहले किसी पूर्व राष्ट्रपति को इतना हल्का काम कभी नहीं दिया गया है।