पटना : बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा है कि विपक्ष से इंडिया का जो भी प्रधानमंत्री होगा वो मोदी जी से अच्छा, सच्चा, ईमानदार और जनता के प्रति वफ़ादार होगा। बृहस्पतिवार को जारी बयान में तेजस्वी ने कहा कि गोदी मीडिया और भाजपा के लोग चिंता ना करें। वहीं दूसरी ओर, एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती पर तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर हम आपकी जेब से 5,000 रुपए निकाल कर 200 रुपए वापस कर दें। तो बताइए, आपको फायदा हुआ या नुकसान? देश के लोग सच्चाई जानते है कि मोदी सरकार आगामी चुनावों के मद्देनजर ऐसा कर रही है। यह एक चुनावी स्टंट है। ये बेवकूफ बनाने वाली बात है। बता दें कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद और सूबे के डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया की तीसरी बैठक के लिए मुंबई पहुंचे हुए हैं। समन्वय समिति का गठन, संयोजकों की नियुक्ति और अगले लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर बातचीत, इंडिया गठबंधन की बैठक के एजेंडे में हैं।