मुंबई : शिवसेना के सांसद गजानन कीर्तिकर ने बृहस्पतिवार को शिवसेना (यूटीबी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह कांग्रेस के पिछलग्गू बन गए हैं और यहां विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडियाÓ की बैठक की मेजबानी करते हुए उन लोगों के लिए कालीन बिछा रहे हैं जिन्होंने हिंदुत्व विरोधी रुख अपनाया है। राज्य में शिवसेना के मंत्री दीपक केसरकर के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते उत्तर पश्चिम मुंबई से सांसद कीर्तिकर ने यह भी दावा किया कि विचारधारा को लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडियाÓ में एक विरोधाभास है।
'इंडिया' के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबला करने के लिए अपनी साझा रणनीति तैयार करने के सिलसिले में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को तीसरी बैठक के लिए मुंबई में एकत्र हो रहे हैं। महा विकास आघाड़ी में शामिल दल शिवसेना (यूटीबी), कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) मुंबई में 'इंडियाÓ गठबंधन की तीसरी बैठक की मेजबानी कर रहे हैं। केसरकर ने कहा कि विपक्षी गुट में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर अब भी कोई स्पष्टता नहीं है।
उन्होंने दावा किया, जिस दिन विपक्ष अपना प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित कर देगा, विपक्षी एकता बिखर जाएगी। कीर्तिकर ने दावा किया, बालासाहेब ठाकरे ने हिंदुत्व के आधार पर शिवसेना का गठन किया था, लेकिन उद्धव ठाकरे कांग्रेस के पिछलग्गू हो गए हैं।