दही, हमारे भारतीय खानपान का एक बेहद जरूरी हिस्सा है। लंच या डिनर में खाने के साथ या खाने के बाद इसे खाया जाता है। इससे पाचन दुरुस्त रहता है और पेट से जुड़ी कई सारी समस्याएं दूर होती हैं। दही को आप कई तरीकों से अपने खानपान में शामिल कर सकते हैं। जिसमें सबसे पॉपुलर है रायता। खिचड़ी, पुलाव और तहरी के साथ तो रायते का कॉम्बिनेशन बहुत जरूरी है। रायते को कई सारी चीज़ों के साथ बनाया जाता है। बूंदी, सब्जियों और फलों के साथ भी। सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है फलों से बनने वाला रायता। इसमें दही के साथ फलों के पोषक तत्व भी शरीर को मिलते हैं। आइए जानते हैं रायता बनाने की रेसिपी और इससे होने वाले फायदे।
फ्रूट रायता की रेसिपी
- एक बाउल में ताजा दही लें।
- उसमें अपनी पसंद और सीज़न के हिसाब से फलों के छोटे- छोटे टुकड़े करके डाल दें।
- केला, नाशपाती, चीकू, आलूबुखारा, स्ट्रॉबेरी जैसे फल इस मौसम में आसानी से मिल जाएंगे।
- अगर आपको खट्टा-मीठा स्वाद पसंद है, तो नमक के साथ हल्की सी चीनी मिला सकते हैं। वरना जैसा स्वाद पसंद है वैसा इसे बना लें।फ्रूट रायता के फायदे।
बदहजमी होती है दूर : खानपान और लाइफस्टाइल की गड़बड़ी की वजह से बहुत से लोग पाचन से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिसमें से एक है बदहजमी। अगर आप भी उनमें से एक हैं, तब तो आपको फ्रूट रायता जरूर खाना चाहिए। इससे गैस, एसिडिटी जैसी कई समस्याओं में राहत मिलती है।
बोन्स व मसल्स के लिए हेल्दी : दही प्रोटीन और कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत होता है। वहीं फल विटामिन्स से भरपूर होते हैं। अगर आप हड्डियों को बढ़ती उम्र में भी हेल्दी बनाए रखना चाहते हैं, तो फ्रूट रायते का लंच या डिनर में जरूर शामिल करें।
कब्ज से राहत : दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों को हेल्दी रखते हैं, तो वहीं फलों में फाइबर की मात्रा होती है। फाइबर रिच फूड्स कब्ज की समस्या दूर करते हैं और इनमें और भी कई तरह के न्यूट्रिशन मौजूद होते हैं, जो हमारी बॉडी के लिए जरूरी होते हैं, तो खाने में फ्रूट रायते की एक कटोरी जरूर लें।