वाशिंगटन : फ्लोरिडा के एक स्टोर में एक श्वेत व्यक्ति द्वारा गोलीबारी कर तीन लोगों की हत्या करने और फिर स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या करने की घटना के मद्देनजर, अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोमवार को कहा कि 'घृणा से प्रेरित' इस प्रकार की हिंसा को समाप्त करने के लिए कदम उठाने की आवश्यकता है। बाइडेन ने कहा कि हम नफरत को हावी नहीं होने दे सकते, लेकिन यह बढ़ रही है। यह कम नहीं हो रही।'
उन्होंने 'मार्च ऑन वाशिंगटन' की 60वीं वर्षगांठ पर नागरिक अधिकार समर्थकों और अफ्रीकी-अमरीकी नागरिक अधिकारों के संघर्ष के प्रमुख नेता मार्टिन लूथर किंग जूनियर के बच्चों से मुलाकात के दौरान यह कहा। अमरीका में 28 अगस्त 1963 को अफ्रीकी-अमरिकियों के नागरिक एवं आर्थिक अधिकारों की रक्षा के लिए वाशिंगटन में मार्च निकाला गया था, जिसे 'मार्च ऑन वॉशिंगटन' के नाम से जाना जाता है। बाइडन ने कहा कि मेरा मानना है कि चुप्पी मिलीभगत के समान है और हम सभी ने कई बार यह कहा है। हम चुप नहीं रहेंगे और इसलिए हमें घृणा से प्रेरित इस हिंसा के खिलाफ कदम उठाना होगा।