श्रीनगर : कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई की प्रभारी रजनी पाटिल ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस एक जीवंत पार्टी है और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दुर्भावनापूर्ण प्रचार और उसकी भ्रामक राजनीति को शिकस्त देने के लिए यह काफी मजबूत है। राज्यसभा सदस्य पाटिल ने पुलवामा जिले के चेकीभद्री नाथ में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। पाटिल ने कहा कि कांग्रेस एक जीवंत पार्टी है, जो भाजपा के दुष्प्रचार और भ्रामक राजनीति को परास्त करने में सक्षम है। पार्टी यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लोग सम्मान के साथ रहें और उनके मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करना लोगों की भावनाओं पर हमला था। उन्होंने कहा कि भाजपा का शासन शत्रुतापूर्ण है, जो जनता के लिए एक दंड के रूप में काम कर रहा है। पाटिल ने यह भी आरोप लगाया कि इन सभी विफलताओं के बावजूद, भाजपा सरकार वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के उद्देश्य से झूठी कहानी गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में न्याय और समावेशी विकास सुनिश्चित करेगी। रजनी पाटिल ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग)-1 और संप्रग-2 ने एक रूपरेखा तैयार की थी और जम्मू-कश्मीर में भारी विकास तथा रोजगार सुनिश्चित किया था, लेकिन भाजपा की नीतियां इसके विपरीत हैं।