जयपुर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही कृषि के लिए पर्याप्त बिजली आपूर्ति राज्य सरकार की प्राथमिकता है और सरकार निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। गहलोत ने राज्य में बिजली आपूर्ति को लेकर मंगलवार देर रात तक मुख्यमंत्री निवास पर समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को अघोषित बिजली कटौती नहीं करने का निर्देश दिया और कहा कि कटौती अपरिहार्य होने पर प्रभावित क्षेत्र के निवासियों को समय रहते इसकी सूचना दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जून-जुलाई में बारिश अच्छी होने के कारण फसलों की बुवाई ऐतिहासिक रूप से बढ़ी, लेकिन अगस्त में बारिश की कमी से सिंचाई के लिए बिजली की मांग बढ़ी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से कोयले की आपूर्ति नहीं होने, गर्मी की वजह से घरेलू उपभोक्ताओं की मांग बढऩे सहित अन्य कारणों से बिजली की मांग और आपूर्ति में बड़ा अंतर आया है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त से लगातार लगभग 3300 लाख यूनिट बिजली उपलब्ध करवायी जा रही है, जो कि एक रिकॉर्ड है।