बरपेटा रोड: भारत सरकार के अभियान फिट इंडिया के तहत 27वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल तथा इसकी प्रत्येक सीमा चौकियों ने सीमावार्तीय ग्रामीणों के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के प्रथम दिन हाफ मेराथन का आयोजन किया, जिसमे सशस्त्र सीमा बल के 72 बलकर्मी तथा 109 सीमावार्तीय ग्रामीणों ने भाग लिया। इसी क्रम में इस फिट इंडिया सप्ताह में सीमावार्तीय युवकों तथा छात्रों के साथ क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन आदि खेल खेले जाएंगे। वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट विवेक कुमार सिंह, उप-कमांडेंट ने खेल के महत्व को बताते हुए इसे अपने दैनिक जीवन में शामिल करने की अपील की। साथ ही सीमावार्तीय युवकों, छात्रों तथा बलकार्मिकों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करते हुए बताया कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है अपितु मानसिक चेतना को भी सुचारु रखता है। निरंतर क्रीड़ा से व्यक्ति स्वस्थ तथा दीर्घायु होता है। खेल आपस में कुशल व्यवहार तथा मैत्री संबंध स्थापित करता है तथा बिना किसी भेदभाव के आपस में ताल-मेल की भावना का विकास करता है। उन्होंने बताया कि 27वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल हाउली सदैव सीमावार्तीय युवकों तथा छात्रों के बहुमुखी विकास तथा खेल भावना के उत्थान हेतु प्रयत्नशील रही है और भविष्य में भी इसी भांति कृत करती रहेगी।